बलियाः 17 वर्षीय नाबालिग को अगवा कर दो महीने तक किया बलात्कार, बिहार निवासी आरोपी पारस चौधरी अरेस्ट, हैदराबाद और भागलपुर ले गया...
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 4, 2023 04:53 PM2023-02-04T16:53:19+5:302023-02-04T16:54:01+5:30
लड़की के पिता की शिकायत पर पारस चौधरी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

तेलंगाना के हैदराबाद और फिर बिहार में भागलपुर ले गया, जहां उसने दो महीने तक उससे बलात्कार किया।
बलियाः उत्तर प्रदेश के बलिया में 17 वर्षीय लड़की का अपहरण करने और उससे दो महीने तक बलात्कार करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार निवासी आरोपी पारस चौधरी (19) को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की को चौधरी ने पिछले साल 15 नवंबर को अगवा कर लिया था। इस मामले में लड़की के पिता की शिकायत पर पारस चौधरी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद उस्मान ने बताया कि दो दिन पहले लड़की को सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि लड़की ने बयान दिया है कि पारस ने उसे अगवा कर लिया था और उसे तेलंगाना के हैदराबाद और फिर बिहार में भागलपुर ले गया, जहां उसने दो महीने तक उससे बलात्कार किया।
उन्होंने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि मामले में दर्ज प्राथमिकी में बलात्कार और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत अन्य प्रासंगिक धाराओं को जोड़ा गया है।
उत्तर प्रदेश : दुष्कर्म पीड़ित किशोरी की मौत, आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने की कोशिश करने वाली किशोरी की मौत हो गई है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
थानाध्यक्ष कुड़वार संदीप कुमार राय ने शनिवार को बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीया एक किशोरी के साथ रिश्तेदारी में आये युवक सौरभ अग्रहरि (19) निवासी मायंग ने दुष्कर्म किया, जिससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने बुधवार को फांसी लगाकर खुदकुशी की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर, लखनऊ में भर्ती कराया गया जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। राय ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी युवक अयोध्या पॉलिटेक्निक का छात्र है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी युवक की बहन की शादी पीड़िता के घर के बगल हुई है। बहन के घर आने के दौरान ही आरोपी युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।