कलयुगी मां ने अपने ही 15 वर्षीय बेटे की हत्या कर शव को घर के आंगन में दफनाया, दो माह पहले 17 साल की बेटी को मारकर जलाया था!
By एस पी सिन्हा | Published: December 4, 2022 05:45 PM2022-12-04T17:45:03+5:302022-12-04T17:46:16+5:30
बिहार में औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के माया विभाग गांव का मामला है। महिला ने अपने ही पुत्र को हत्या कर शव को अपने अर्ध निर्मित मकान के आंगन में जमीन के नीचे दफना दिया।
पटनाः बिहार में औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के माया विभाग गांव से खौफनाक वारदात सामने आया है, जहां एक कलयुगी मां ने अपने ही बेटे की हत्या कर शव को घर के आंगन में दफना दिया। बच्चे के अचानक लापता होने के बाद परिजन उसे संभावित जगहों पर तलाश करते रहे, लेकिन जब कहीं भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस में मामला दर्ज कराया।
पुलिस की जांच में जो सच सामने आया वह सभी को हैरान कर देने वाला था। बताया जाता है कि महिला ने अपने ही पुत्र को हत्या कर शव को अपने अर्ध निर्मित मकान के आंगन में जमीन के नीचे दफना दिया। मृतक शिवगंज निवासी स्वर्गीय विनय कुमार सिंह के 15 वर्षीय पुत्र मारुति नंदन कुमार बताया जाता है।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना शनिवार की देर रात मदनपुर थाने की पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची मदनपुर थाना अध्यक्ष शशि कुमार राणा ने मकान को सील कर दिया और महिला कंचन देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के ससुर राजेंद्र सिंह ने दारोगा के पद से रिटायर होने के बाद शिवगंज में जमीन खरीदकर घर बनाया था।
राजेंद्र सिंह मूल रूप से गया जिले के पचरुखिया गांव के रहने वाले थे। शिवगंज में घर बनने के बाद पूरा परिवार वहीं रहता था। इसी बीच साल 2018 में राजेंद्र सिंह के बेटे विनय कुमार की मौत एड्स से हो गई। विनय की मौत के बाद पता चला कि उसकी पत्नी कंचन देवी भी एड्स से पीड़ित है। इस बात को लेकर महिला तनाव में रहती थी।
मदनपुर थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि पटना से एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। मजिस्ट्रेट की निगरानी में मृतक किशोर के शव को जमीन से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना चर्चा का विषय बन गया है।
लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर कौन सा ऐसा कारण है कि महिला ने पहले अपने बेटी की हत्या की और अब अपने बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया। इधर मृतक के चाचा उदय सिंह ने बताया कि 2 माह पहले ही अपनी बच्ची 17 वर्षीय पुनीता कुमारी की भी हत्या कर दी थी और शव को जला दी थी।