अररियाः प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर मां ने बेटे का अपहरण कर हत्या कराई, अवैध संबंध को लेकर पति को भी मरवाया था...
By एस पी सिन्हा | Published: March 24, 2023 07:09 PM2023-03-24T19:09:00+5:302023-03-24T19:10:05+5:30
बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज का मामला है। थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

केस में दर्ज अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पटनाः बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर एक मां ने अपने बेटे की हत्या करवा डाली। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मटियारी पंचायत में एक मां ने अपने अवैध संबंध के कारण खुद के ही बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या करवा दी।
पुलिस ने अपहृत सुमन यादव (26) का शव अररिया के चंदा चौक स्थित जेबीसी नहर से बरामद किया है। पुलिस ने गुरुवार को ही युवक की मां को गिरफ्तार कर लिया था। कहा जा रहा है कि आरोपी महिला रेणु देवी के पति रिटायर्ड फौजी स्व. विश्वेश्वर यादव की भी कुछ महीने पहले संदेहास्पद मौत हो गई थी। जिसको लेकर भी स्थानीय ग्रामीणों कई तरह की बातें कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि रिटायर्ड फौजी दरगाहीगंज थाना नरपतगंज का निवासी था। जो कुछ साल पहले ही मटियारी पंचायत में जमीन खरीदकर मकान बनाया था। उसकी भी पत्नी से अनबन होते रहती थी। अचानक उसकी संदेहास्पद मौत हो गई। पति की मौत के बाद घर पर बाहरी लोगों का आना जाना शुरू हो गया।
इसके बाद अब इसके बेटे की मौत की खबरें भी निकल कर सामने आई। मृतक के चाचा जय कुमार यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई (पूर्व सैनिक) की भी हत्या अवैध संबंध को लेकर पत्नी रेणु देवी ने कराई थी। आज उसके भतीजा की भी हत्या करा दिया है।
इस मामले में थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पत्नी के आवेदन पर पहले अपहरण का केस दर्ज किया गया था। शव बरामद होने के बाद केस हत्या में तब्दील होगा। केस में दर्ज अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।