डेहरी में नगर परिषद की टीम पर असमाजिक तत्वों ने किया पथराव, पांच कर्मचारी हुए घायल
By भाषा | Published: April 11, 2020 08:31 PM2020-04-11T20:31:12+5:302020-04-11T20:31:12+5:30
बिहार के रोहतास जिले के डेहरी में देर रात्रि नगर परिषद की एक टीम पर असमाजिक तत्वों ने पथराव किया, जिसमें पदाधिकारी सहित परिषद के पांच कर्मचारी घायल हो गए।ज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।
डेहरी: बिहार के रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना अंतर्गत चूना भट्ठा मोड़ के पास शुक्रवार देर रात्रि नगर परिषद की एक टीम पर असमाजिक तत्वों ने पथराव किया जिसमें नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित परिषद के पांच कर्मी घायल हो गए।
डेहरी नगर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने शनिवार को बताया कि इस मामले में चार नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है जिनमें से दो आरोपियों उपेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी और मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा बाकी फरार लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि वह और सिटी मैनेजर मनोज भारती परिषद के अन्य कर्मियों के साथ डालमियानगर के उच्च विद्यालय में बने पृथक केंद्र पर खाना पहुंचा कर शुक्रवार देर रात लौट रहे थे। इसी दौरान चूना भट्ठा मोड़ के पास कुछ लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करके बैठे हुए थे और ये सभी नशे में थे। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि उन्होंने उन लोगों से अपने-अपने घरों में जाने के लिए कहा जिससे आक्रोशित युवकों ने आवाज देकर पास स्थित अपने घरों से अन्य लोगों को बुला लिया और परिषद की टीम पर पथराव किया कर दिया।
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि पथराव में वह, सिटी मैनेजर और सुरक्षा गार्ड अनिल कुमार व अन्य दो लोग चोटिल हो गए। सूचना मिलने पर अपर समाहर्ता लाल ज्योतिनाथ सहदेव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चोटिल लोगों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। भाषा सं अनवर अमित अमित