Anant Singh V/S Sonu Monu: मोकामा में 50 से 60 राउंड फायरिंग?, अनंत सिंह बोले- हमारे ऊपर गोली चले, बारूद चले, हमको कोई गम नहीं
By एस पी सिन्हा | Published: January 23, 2025 04:29 PM2025-01-23T16:29:34+5:302025-01-23T16:39:22+5:30
Anant Singh V/S Sonu Monu: सोनू-मोनू ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि हम न्याय करेंगे। हमारे ऊपर गोली चले, बारूद चले, हमको कोई गम नहीं।

file photo
Anant Singh V/S Sonu Monu: बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह पर बुधवार को जानलेवा हमला किया गया, जिसके बाद इलाके में बंदूक की नालें खुल गई हैं और ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका थर्रा उठा। बुधवार को करीब 50 से 60 राउंड फायरिंग की गई। गनीमत ये रही कि पूर्व विधायक अनंत सिंह बाल-बाल बच गये। इलाके में ताबड़तोड़ हुई फायरिंग ने पूरे बिहार को हिलाकर रख दिया है। कहा जा रहा है कि अनंत सिंह पर पर सोनू-मोनू गैंग ने हमला किया। अनंत सिंह पर हुए जानलेवा हमले से पूरे इलाके में अभी तक दहशत का माहौल है। इस जानलेवा हमले के बाद अनंत सिंह ने कहा कि वह विवाद सुलझाने गए थे, उसी दौरान सोनू-मोनू ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि हम न्याय करेंगे। हमारे ऊपर गोली चले, बारूद चले, हमको कोई गम नहीं।
हमारे ऊपर केस किया गया है तो हम जेल में भी गए, इसमें कोई दिक्कत नहीं है। सोनू-मोनू डकैत है। हाल में ही जेल से छूटे हैं। वो अपहरणकर्ता हैं, उनको पुलिस क्यों नहीं पकड़ती है? अनंत सिंह ने कहा कि हमारी पत्नी विधायक हैं तो लोग हमारे पास ही आएंगे। हम छोड़ेंगे नहीं। वहीं, सोनू- मोनू ने इस घटना के बाद अनंत सिंह को चुनौती देते हुए कहा कि पता चल जायेगा कि किससे पाला पड़ा है।
वह अब अनंत सिंह को शास्त्र और शस्त्र की परिभाषा समझाएगा। अनंत सिंह की उम्र 80 वर्ष की है. 80 वर्ष का एक बुजुर्ग 34 साल के एक नवयुवक से लड़ने के लिए मैदान में उतर गए है। सोनू ने कहा कि हमारी अनंत सिंह से कोई लड़ाई नहीं है। हम लोग विवेका पहलवान के साथ रहने वाले लोग हैं। बता दें कि सोनू-मोनू दो भाई है, जो मोकामा के ही जलालपुर गांव के रहने वाले हैं।
शुरुआती दिनों में दोनों बाहुबली अनंत सिंह के लिए काम करते थे। लेकिन धीरे-धीरे जरायम की दुनिया में अपनी पैठ बनाने के बाद अलग गैंग खड़ा कर लिया। फिलहाल अनंत सिंह के साथ दोनों की अदावत है। स्थानीय लोगों की माने तो सोनू-मोनू ने साल 2009 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। ट्रेन में लूटपाट से अपराध जगत में कदम रखने वाले दोनों भाइयों ने अपनी गैंग बना ली।
बताया जाता है कि यूपी के बाहुबली मुख्तार अंसारी से इनके संबंध थे। बाहुबली मुख्तार अंसारी का साथ मिलने के कारण दोनों सरकारी अधिकारियों को धमकाने लगे और पैसे ऐंठने लगे थे। अनंत सिंह अब जेल की सलाखों से बाहर आ चुके हैं तो अब इन्हें खतरा महसूस होने लगा है। कहा जाता है कि सोनू-मोनू गैंग मुख्य तौर लखीसराय और मोकामा इलाके में सक्रिय है। इलाके में इस गैंग की दहशत है।
सोनू-मोनू की मां उर्मिला सिंह मुखिया है। सोनू-मोनू के पास खुद का अपना ईंट-भट्ठा है और ईंट भी बेचते हैं। सोनू-मोनू पर विभिन्न थानों में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई मामले दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि मोकामा की आबादी यूं तो 2 लाख है लेकिन यहां की माटी को खून से लाल कर देने वाले बाहुबली अधिक निकले हैं। श्याम सुंदर सिंह धीरज, दिलीप सिंह, सूरजभान सिंह, ललन सिंह और अनंत सिंह जैसे कई बाहुबलियों के नाम शामिल हैं। लेकिन अब सोनू-मोनू गैंग ने बंदूक की नाल खोलकर इलाके में सनसनी फैला दी है।