मुजफ्फरनगर में 15 साल की लड़की को घर से अगवा कर 3 युवकों ने किया रेप, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
By भाषा | Published: May 22, 2020 02:21 PM2020-05-22T14:21:21+5:302020-05-22T14:21:21+5:30
मुजफ्फरनगर पुलिस के मुताबिक 21 मई को दो अन्य आरोपियों को 14 साल की लड़की से रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
मुजफ्फरनगर:उत्तर प्रदेश का जिला मुजफ्फरनगर के पुरकाजी इलाके में तीन युवकों ने 15 साल की लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया। थाना अधिकारी सुभाष गौतम ने बताया कि आरोपियों ने लड़की के घर से उसका अपहरण करके एक वीरान जगह पर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया।
उन्होंने बताया कि घटना गुरुवार (21 मई) को सामने आई जब लड़की ने घर लौटकर अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। गौतम ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस बीच, एक अन्य घटना में दो युवकों को 14 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के मामले में 21 मई को ही गिरफ्तार किया गया है।
शामली जिले में दो लड़कियों के शव बरामद
शामली जिले में गन्ने के खेत में दो लड़कियों के शव बरामद हुए हैं, जिनकी पहचान करने के लिए पुलिस ने चार दलों का गठन किया है। थाना अधिकारी यशपाल धामा ने बताया कि लड़कियों की उम्र 20 से 22 साल प्रतीत होती है। उनके शरीर पर चोट के निशान भी हैं। उनके शव कैराना थाना क्षेत्र के जगनपुर गांव में एक गन्ने के खेत से बरामद हुए थे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए मंडल अधिकारी प्रदीप सिंह के नेतृत्व में चार दलों का गठन किया गया है।
महिलाओं के प्रति लॉकडाउन में कम हुए अपराध: रिपोर्ट
कई रिपोर्ट में जिक्र किया गया है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध काफी हद तक कम हो गए हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में साइबर अपराध की 54 शिकायतें मिलीं जबकि मार्च में 37 और फरवरी में 21 शिकायतें मिली थी। लॉकडाउन के कारण ऑनलाइन शिकायतें प्राप्त की जा रही हैं।