Highlightsवह (रोहित) भारतीय क्रिकेट के अगले एमएस धोनी हैं: सुरेश रैनामैंने उन्हें देखा है, वह शांत हैं, वह सुनना पसंद करते हैं: सुरेश रैना
एमएस धोनी को भारतीय क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक माना जाता है। धोनी की जगह ले पाना किसी भी क्रिकेटर के लिए आसान नहीं होगा। लेकिन टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना ने उस बल्लेबाज का नाम बताया है जो भारतीय क्रिकेट का अगला एमएस धोनी बन सकता है। ये खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि टीम इंडिया के स्टार ओपनर रोहित शर्मा हैं।
धोनी की कप्तानी में भारत और चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेल चुके रैना रोहित की कप्तानी में 2018 में निदाहास ट्रॉफी में भी खेले हैं। रैना ने रोहित को 'अगला एमएस धोनी' कहा है।
रैना ने रोहित को बताया 'अगला एमएस धोनी'
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, रैना ने द सुपर ओवर पॉडकास्ट में कहा, 'मैं कहूंगा कि वह (रोहित) भारतीय क्रिकेट के अगले एमएस धोनी हैं। मैंने उन्हें देखा है, वह शांत हैं, वह सुनना पसंद करते हैं, वह खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देना पसंद करते हैं और सबसे बड़ी बात कि वह सामने से नेतृत्व करते हैं। वह ड्रेसिंग रूम के माहौल का सम्मान करते हैं।'
रैना ने कहा, 'उनके चारो ओर, खिलाड़ी जुनून और उनकी आभा का लुत्फ उठाते हैं। जब आप किसी खिलाड़ी की आभा का लुत्फ उठाते हैं, तो आप सकारात्मक होते हैं और वह इसमें ही अच्छे हैं।'
रैना ने कहा, धोनी और रोहित खिलाड़ियों की सुनते हैं
रैना ने कहा, 'वह एमएस धोनी के बाद से सबसे शीर्ष खिलाड़ियों में से हैं, जोकि शानदार थे। उन्होंने एमएस से ज्यादा (आईपीएल) ट्रॉफियां जीती हैं, लेकिन मैं कहूंगा कि वे दोनों समान हैं। वे दोनों कप्तान के तौर पर सुनना पसंद करते हैं। जब आपका कप्तान आपकी सुन रहा हो, तो आप कई समस्याएं सुलझा सकते हैं। इसलिए मेरी किताब में वे दोनों शानदार हैं।'
रोहित की कप्तानी का शानदार रहा है। वह आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक चार खिताब जीतने वाले कप्तान हैं, उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आठ साल में चार खिताब जीते हैं।
विराट कोहली के चोटिल होने पर रोहित ने 2018 में निदाहास ट्रॉफी और एशिया कप में भारत को खिताबी जीत दिलाई थी। रोहित की कप्तानी में भारत ने अब तक 10 वनडे में से 8 वनडे जीते हैं जबकि 20 टी20 में से 16 मैच जीते हैं।