SA vs ENG, 3rd Test: स्टोक्स, पोप के शतकों के बाद दक्षिण अफ्रीका को शुरुआती झटके, मजबूत स्थिति में इंग्लैंड

South Africa vs England 3rd Test: पोर्ट एलिजाबेथ में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन बेन स्टोक्स और ओली पोप के शतकों की मदद से इंग्लैंड ने कसा दक्षिण अफ्रीका पर शिकंजा

By भाषा | Published: January 18, 2020 08:31 AM2020-01-18T08:31:53+5:302020-01-18T08:32:17+5:30

South Africa vs England 3rd Test: Ben Stokes, Ollie Pope scores Hundreds, England Dominate Day 2 | SA vs ENG, 3rd Test: स्टोक्स, पोप के शतकों के बाद दक्षिण अफ्रीका को शुरुआती झटके, मजबूत स्थिति में इंग्लैंड

बेन स्टोक्स और ओली पोप ने जड़े दूसरे दिन इंग्लैंड के लिए शतक

googleNewsNext
Highlightsइंग्लैंड ने स्टोक्स और पोप के शतकों की मदद से पहली पारी में बनाए 499/9दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के विशाल स्कोर के जवाब में सस्ते में गंवाए दो विकेट

पोर्ट एलिजाबेथ: बेन स्टोक्स और ओली पोप के शतकों से पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करने वाले इंग्लैंड ने शुक्रवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को शुरू में ही दो करारे झटके देकर तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुने गये स्टोक्स ने 120 रन बनाये जबकि पोप 135 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिये के 203 रन जोड़े जिससे इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 499 रन बनाकर समाप्त घोषित की।

दक्षिण अफ्रीका ने इसके जवाब में बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल जल्दी समाप्त किये जाने तक दो विकेट पर 60 रन बनाये थे। वह अभी इंग्लैंड से 439 रन पीछे है। ऑफ स्पिनर डॉम बेस ने सलामी बल्लेबाज पीटर मलान (18) और उनका स्थान लेने के लिये उतरे जुबैर हमजा (10) को पवेलियन भेजा। बारिश के कारण जब दिन का खेल जब समाप्त घोषित किया गया तब डीन एल्गर 32 रन पर खेल रहे थे जबकि नाइटवाचमैन एनरिक नोर्त्ज को अभी खाता खोलना है।

बेन स्टोक्स और ओली पोप ने जड़े शतक

इससे पहले इंग्लैंड की पारी में स्टोक्स और पोप छाये रहे। इन दोनों ने तब क्रीज पर कदम रखा था जबकि इंग्लैंड पहले दिन चार विकेट पर 148 रन के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था। बाद में पोप और मार्क वुड ने अंतिम क्षणों में 8.4 ओवर में 73 रन जोड़े। वुड ने स्पिनर केशव महाराज की गेंद पर लांग ऑन सीमा रेखा पर कैच थमाने से पहले 23 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से 41 रन बनाये।

महाराज ने पांच विकेट लिये लेकिन इसके लिये उन्होंने 180 रन खर्च किये। इंग्लैंड पहले दिन 90 ओवर में चार विकेट पर 224 रन ही बना पाया था लेकिन आज उसके बल्लेबाजों ने स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी की। पोप हालांकि शतक के करीब पहुंचने पर धीमे हो गये थे। उन्होंने आखिर में नोर्त्ज पर मिडविकेट पर अपनी पारी का 14वां चौका लगाकर 190 गेंदों पर अपना पहला सैकड़ा पूरा किया।

दूसरी तरफ सैम कर्रन ने 50 गेंदों पर 44 रन बनाये। उन्होंने और पोप ने सातवें विकेट के लिये 59 रन जोड़े। इसमें पोप का योगदान 13 रन था। सुबह के सत्र में स्टोक्स और पोप ने दबदबा बनाया। स्टोक्स ने अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे डेन पीटरसन की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच देने से पहले अपनी 214 गेंद की पारी में 12 चौके और दो छक्के लगाये।

Open in app