IPL 2022: 'सर' जडेजा संभालेंगे कमान, तो इन कारणों के चलते धोनी ने छोड़ी कप्तानी!, जानिए पूरा मामला

IPL 2022: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की 12 सत्र तक अगुवाई करने, उसे चार खिताब दिलाने और पांच बार उप विजेता बनाने के बाद दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले गुरुवार को इस फ्रेंचाइजी की कप्तानी अपने विश्वसनीय रविंद्र जडेजा को सौंप दी।

By सतीश कुमार सिंह | Published: March 24, 2022 05:02 PM2022-03-24T17:02:29+5:302022-03-24T17:04:01+5:30

IPL 2022 MS Dhoni handed over CSK captaincy Ravindra Jadeja 3 reasons Chennai Super Kings suresh raina | IPL 2022: 'सर' जडेजा संभालेंगे कमान, तो इन कारणों के चलते धोनी ने छोड़ी कप्तानी!, जानिए पूरा मामला

जडेजा महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना के बाद सीएसके की अगुवाई करने वाले तीसरे कप्तान होंगे।

googleNewsNext
Highlights40 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते रहेंगे।एमएस धोनी 2008 में टूर्नामेंट की शुरुआत से ही सीएसके के कप्तान रहे।सीएसके की कप्तानी रविंद्र जडेजा को सौंपना चौंकाने वाला फैसला नहीं है।

IPL 2022: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने घोषणा की है कि रवींद्र जडेजा आईपीएल 2022 में टीम का नेतृत्व करेंगे। यह घोषणा गुरुवार दोपहर को हुई, जब फ्रेंचाइजी ने अपनी वेबसाइट पर इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही जडेजा महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना के बाद सीएसके की अगुवाई करने वाले तीसरे कप्तान होंगे।

आईपीएल के 13 साल में धोनी ने टीम को चार बार जीत दिलाई। राजस्थान रॉयल्स और कोच्चि टस्कर्स के लिए खेलने के बाद रवींद्र जडेजा 2012 में सीएसके में शामिल हुए। सौराष्ट्र के 33 वर्षीय ऑलराउंडर आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में से एक रहे हैं।

CSK 16 करोड़ की भारी कीमत पर जडेजा को रिटेन करने में सफल रही, जो धोनी (12 करोड़) को रिटेन करने के लिए भुगतान की गई राशि से अधिक है। लेकिन सवाल यह है कि धोनी ने टूर्नामेंट से ठीक दो दिन पहले ही जडेजा को बागडोर क्यों सौंपी?

1. इस साल संन्यास ले सकते हैं धोनीः धोनी के लिए यह आखिरी आईपीएल हो सकता है। 40 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा था कि चेन्नई पिच पर अंतिम मैच खेलना चाहते हैं। ऐसे में टीम को एक कप्तान चुनना पड़ा, क्योंकि सुरेश रैना जो पहले कुछ मैचों में टीम का नेतृत्व करते थे वह भी अब फ्रेंचाइजी के साथ नहीं है। जडेजा ने कप्तान बनने की जरूरतों को पूरा किया, क्योंकि वह लंबे समय से टीम से जुड़े थे।

2. नेतृत्व में बदलावः धोनी की घोषणा से सीएसके के सीईओ कासी विश्वनाथन भी हैरान थे लेकिन उन्होंने कहा, ‘‘यदि धोनी ने फैसला किया है तो यह टीम के सर्वश्रेष्ठ हित में होगा।’’ विश्वनाथन ने कहा, ‘‘देखिए धोनी जो भी फैसला लेते हैं वह टीम के हित में होता है। इसलिए हमारे लिए चिंता की कोई बात नहीं है। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं। वह हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह हमारे लिए मार्गदर्शक रहे हैं और मार्गदर्शक बने रहेंगे।’’ विश्वनाथन से पूछा गया कि क्या 2022 धोनी का अंतिम सत्र होगा, उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि यह उनका आखिरी सत्र होगा। जब तक वह फिट हैं, हम चाहते हैं कि वह खेलें। मैं ऐसा चाहता हूं। मैं नहीं जानता कि वह क्या सोचते हैं।’’

जडेजा को कप्तान बनाये जाने पर विश्वनाथन ने उम्मीद जताई कि इस ऑलराउंडर की अगुवाई में टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘जड्डू (जडेजा) अच्छा करेगा। वह संभवत: अभी अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। वह निश्चित तौर पर धोनी के मार्गदर्शन में अच्छा प्रदर्शन करेगा।

जड्डू 10 साल से हमारे साथ है और वह टीम संस्कृति को अच्छी तरह समझता है।’’ धोनी चाहते थे कि जडेजा के लिए नेतृत्व परिवर्तन सहज और आसान हो। निर्णय, हालांकि आश्चर्यजनक था। धोनी ने कुछ समय के लिए कप्तानी में बदलाव की योजना बनाई थी।

3. जडेजा द फिनिशरः बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज जडेजा आज के समय में क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ फिनिशरों में से एक हैं। उसने टीम को कई बार अपने दम पर जिताया है। कुल मिलाकर जडेजा सीएसके के लिए परफेक्ट फिनिशर हैं। 2021 में जडेजा ने 16 मैच खेले और 75.66 की शानदार औसत से 227 रन बनाए। चूंकि जडेजा अपने करियर के चरम पर हैं, धोनी ने सोचा कि टीम की कप्तानी उन्हें सौंपने का यह सबसे अच्छा समय है।

4. स्पॉट फिक्सिंग मामलाः केवल दो साल उन्होंने सीएसके की अगुवाई नहीं की, क्योंकि तब स्पॉट फिक्सिंग मामले के कारण टीम पर दो साल का प्रतिबंध लगा था। सीएसके ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी किसी अन्य खिलाड़ी को सौंपने का फैसला किया है और उन्होंने टीम का नेतृत्व करने के लिए रविंद्र जडेजा को चुना है।’’

विश्व कप 2019 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले धोनी की अगुवाई में सीएसके ने पिछले साल अपना चौथा खिताब जीता था। सीएसके शनिवार को यहां अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना करेगा। विश्व कप विजेता कप्तान धोनी ने चाहे कप्तानी छोड़ने की बात हो या संन्यास लेने की, हमेशा अपने मन की बात सुनी। उन्होंने 2014 में आस्ट्रेलिया में श्रृंखला के बीच में टेस्ट कप्तानी छोड़ने के साथ लंबे प्रारूप से भी संन्यास ले लिया था और जब विराट कोहली सभी प्रारूपों में देश की अगुवाई करने के लिये तैयार हुए तो उन्होंने 2017 में उनके लिये जगह खाली कर दी थी।

यह प्रेरणादायी कप्तान हालांकि अनुठी शैली में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी आईपीएल में खेलता रहा और इसलिए उनका सीएसके की कप्तानी जडेजा को सौंपना चौंकाने वाला फैसला नहीं है। धोनी जानते थे कि वह हमेशा टीम की कमान नहीं संभाल सकते हैं और बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जडेजा कमान संभालने के लिये तैयार हैं। सीएसके ने जडेजा के अलावा धोनी, मोईन अली और रुतुराज गायकवाड़ को अपनी टीम में ‘रिटेन’ किया था। 

Open in app