Highlightsभारतीय कप्तान को थ्रो डाउन का सामना करने के दौरान चोट लग गई है।35 वर्षीय कप्तान ने टूर्नामेंट में अब तक एक अर्धशतक लगाया है। सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार (10 नवंबर) को एडिलेड ओवल में होना है।
ICC T20 World Cup 2022: भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई है। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए हैं। रोहित शर्मा के दाहिने हाथ में चोट लग गई है। 10 नवंबर को भारत का सामना इंग्लैंड से है। भारतीय कप्तान को थ्रो डाउन का सामना करने के दौरान चोट लग गई है।
35 वर्षीय कप्तान ने टूर्नामेंट में अब तक एक अर्धशतक लगाया है। सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार (10 नवंबर) को एडिलेड ओवल में होना है। रोहित अभ्यास की सामान्य ड्रिल कर रहे थे। वह एडिलेड ओवल में टीम के थ्रोडाउन विशेषज्ञ एस रघु का सामना कर रहे थे जब एक शार्ट पिच गेंद तेजी से उछलकर उनके दायीं बांह पर लगी।
भारतीय कप्तान पुल शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और गेंद तेजी से उनकी बांह पर जा लगी। साफ दिख रहा था कि उन्हें काफी दर्द है और वह तुरंत ही अभ्यास सत्र छोड़कर चले गए। उनकी दाहिनी बांह पर बड़ा आइस पैक बंधा हुआ था। जब वह दूर से अभ्यास सत्र देख रहे थे तो काफी परेशान लग रहे थे।
मानसिक अनुकूलन कोच पैडी अपटन ने इस बीच उनके साथ बात की। आइस पैक लगाने और कुछ देर तक विश्राम करने के बाद रोहित ने फिर से अभ्यास शुरू किया लेकिन थ्रोडाउन विशेषज्ञ को निर्देश दिए गए कि वह तेजी से गेंद न करें और इस बीच भारतीय कप्तान ने अधिकतर रक्षात्मक शॉट ही खेले ताकि यह पता चल सके कि उनके हाथ का मूवमेंट सही है या नहीं।
चोट कितनी गंभीर है इसका पता नहीं चल पाया। भारतीय चिकित्सा टीम अभ्यास सत्र के बाद उनकी चोट का आकलन करेगी। भारत को गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करना है। पहला सेमीफाइनल बुधवार को सिडनी में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा।