Highlightsआईसीसी ने टी20 टीम की घोषणा की। सूर्य कुमार यादव और हार्दिक पांड्या को शामिल किया गया है। महिला वर्ग में स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और रेणुका सिंह हैं।
ICC Awards: आईसीसी 2022 पुरस्कार में भारतीय टीम का जलवा जारी है। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में 7 खिलाड़ी शामिल किए गए। आईसीसी ने टी20 टीम की घोषणा की। आईसीसी टीम ऑफ द ईयर में 11 खिलाड़ी शामिल हुए हैं। इंग्लैंड के खिलाड़ी जोस बटलर को कप्तान चुना गया है।
पुरुष वर्ग में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली, 2022 में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी सूर्य कुमार यादव और हार्दिक पांड्या को शामिल किया गया है। महिला वर्ग में स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और रेणुका सिंह हैं।
आईसीसी ने 2022 की महिला टीम की भी घोषणा की है जिसमें चार भारतीय खिलाड़ियों- स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष और रेणुका सिंह को जगह मिली है। कोहली ने 2022 में फॉर्म में वापसी करते हुए एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया है जहां वह पांच मैच में 276 रन के साथ दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक के साथ अंतरराष्ट्रीय शतक के लगभग तीन साल के सूखे को खत्म किया। मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में टीम के पहले मैच में उन्होंने नाबाद 82 रन की पारी खेली जो टी20 अंतरराष्ट्रीय के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है। कोहली ने टूर्नामेंट में तीन और अर्धशतक जड़े और 296 रन के साथ टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
सूर्यकुमार एक कलेंडर वर्ष में टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1000 से अधिक रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने। उन्होंने दो शतक और नौ अर्धशतक से 187.43 के स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए। विश्व कप में उन्होंने 189.68 के स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाए और साल का अंत नंबर एक टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज के रूप में किया।
हार्दिक के लिए आंकड़ों के लिहाज से पिछला साल सर्वश्रेष्ठ रहा। उन्होंने 607 रन बनाने के अलावा 20 विकेट चटकाए। इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान जोस बटलर 11 सदस्यीय टीम की अगुआई करने के लिए चुना गया है। उप विजेता पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और तेज गेंदबाज हारिस राउफ को भी टीम में जगह मिली है।
महिला वर्ग में भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने साल का अंत 594 रन के साथ चौथी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के रूप में किया। उन्होंने 33 की औसत और 133.48 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने दो अर्धशतक भी जड़े और भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में एतिहासिक रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
ऑफ स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति एशिया कप में भारत की खिताबी जीत के दौरान टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही। वह 29 विकेट के साथ संयुक्त रूप से तीसरी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रही। रिचा को 18 मैच में 259 रन बनाने के लिए टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में चुना गया। रेणुका ने 6.50 के इकोनॉमी रेट और 23.95 के औसत से 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किए। उन्हें आईसीसी की साल की इमर्जिंग खिलाड़ी के रूप में नामित भी किया गया।
आईसीसी 2022 पुरस्कारः मेन टी20 टीम-
1-जोस बटलरः कप्तान और विकेटकीपर, इंग्लैंड
2- मोहम्मद रिजवान, पाकिस्तान
3- विराट कोहली, भारत
4- सूर्य कुमार यादव, भारत
5- ग्लेन फिलिप्स, न्यूजीलैंड
6- सिकंदर रजा, जिम्बाब्बे
7- हार्दिक पांड्या, भारत
8- सैम करेन, इंग्लैंड
9- वानिन्दु हसरंगा, श्रीलंका
10- हारिस रऊफ, पाकिस्तान
11- जोश लिटिल, आयरलैंड।
आईसीसी 2022 पुरस्कारः महिला टी20 टीम-
1ः स्मृति मंधाना, भारत
2ः बेठ मूनी, ऑस्ट्रेलिया
3ः सोफी डिवाइन, कप्तान, न्यूजीलैंड
4ः ऐश गार्डनव, ऑस्ट्रेलिया
5ः ताहिला मेक्ग्रा, ऑस्ट्रेलिया
6ः निदा डार, पाकिस्तान
7ः दीप्ति शर्मा, भारत
8ः ऋचा घोष, भारत
9ः सोफी एक्लेस्टोन, इंग्लैंड
10ः इनोका राणावीरा, श्रीलंका
11ः रेणुका सिंह, भारत।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने कहा कि कम से कम 13 श्रेणियों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के विभिन्न प्रारूपों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें आईसीसी मेन्स क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए प्रतिष्ठित सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी और आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी शामिल हैं।