IND Vs NZ 1st T20: भुवनेश्वर कुमार ने किया अपना सबसे खराब प्रदर्शन, वेलिंगटन में बने ये 10 बड़े रिकॉर्ड

वेलिंगटन टी20 में भारत की गेंदबाजी निराशाजनक रही। टीम इंडिया के लगभग सभी गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाये।

By विनीत कुमार | Published: February 6, 2019 04:39 PM2019-02-06T16:39:36+5:302019-02-06T16:39:36+5:30

new zealand beat india by 80 runs here are 10 records from 1st t20 wellington | IND Vs NZ 1st T20: भुवनेश्वर कुमार ने किया अपना सबसे खराब प्रदर्शन, वेलिंगटन में बने ये 10 बड़े रिकॉर्ड

भारत Vs न्यूजीलैंड (फोटो- एएफपी)

googleNewsNext
Highlightsवेलिंगटन टी20 में हारकर भारत सीरीज में हुआ 0-1 से पीछेभुवनेश्वर कुमार का टी20 इंटरनेशनल में सबसे खराब प्रदर्शन, लुटाये 47 रनन्यूजीलैंड में अब तक कोई टी20 मैच नहीं जीत सका है भारत

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को वेलिंगटन में खेले गये पहले टी20 में 80 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। भारत के सामने जीत के लिए 220 रनों का लक्ष्य था लेकिन पूरी टीम 19.2 ओवर में 139 रनों पर सिमट गई।

इस तरह भारत को रनों से लिहाज से टी20 में अपनी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी। टीम इंडिया की ओर से एमएस धोनी ने सबसे अधिक 39 रन बनाये जबकि शिखर धवन ने 29 और विजय शंकर ने 27 रन बनाये। भारत की गेंदबाजी भी निराशाजनक रही। टीम इंडिया के लगभग सभी गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाये और इसी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 219 रन बना दिये। इस हार के साथ भारत तीन टी20 मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे हो गया है। आईए नजर डालते है मैच में बने 10 रिकॉर्ड्स पर.....

1. न्यूजीलैंड के खिलाफ 7वीं हार: भारत की टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सातवीं (संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा) हार है। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ भी उसे इतनी हार मिल चुकी है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को 6 बार टी20 में हार मिली है।

2. सबसे बड़ी हार: भारत की टी20 इंटरनेशनल में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 2010 में ब्रिजटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को 49 रनों से हार मिली थी। जबकि नागपुर में 2016 में न्यूजीलैंड ने भारत को 46 रनों से हराया था।

3. धोनी के साथ हार का संयोग: ये अजीबोगरीब रिकॉर्ड है। धोनी ने टी20 इंटरनेशनल में पांच मौकों पर भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेली है और इन सभी मैचों में टीम इंडिया को हार मिली है। 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2012 में धोनी ने बनाये 48 रन- भारत 31 रनों से हारा 
इंग्लैंड के खिलाफ 2012 में धोनी ने बनाये 38 रन- भारत 6 विकेट से हारा
न्यूजीलैंड के खिलाफ 2016 में 30 रन- भारत 47 रनों से हारा
इंग्लैंड के खिलाफ 2017 में नाबाद 36 रन- भारत 7 विकेट से हारा
न्यूजीलैंड के खिलाफ आज 2019 में में 39 रन- भारत 80 रन से हारा

4. भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर: न्यूजीलैंड का टी20 में भारत के खिलाफ यह सबसे बड़ा स्कोर था। इससे पहले 2017 में राजकोट में न्यूजीलैंड ने 196 रन बनाये थे। 

5. वेलिंगटन में सबसे बड़ा स्कोर: वेलिंगटन में भी इंटरनेशनल टी20 का यह सबसे बड़ा स्कोर (219) है। वहीं, भारत टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा चेज 207 रनों का साल-2009 में श्रीलंका के खिलाफ कर सका है।

6. न्यूजीलैंड ने बरकरार रखा ये रिकॉर्ड: न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल एक टीम 175 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल कर सकी है। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ने ऑकलैंड में 244 रन बनाते हुए यह कमाल किया था। इस तरह यह रिकॉर्ड अब भी कायम है।

7. भारत के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर: टी20 में भारत के खिलाफ यह संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 2016 में वेस्टइंडीज ने (245 रन) खड़ा किया था। इससे पहले 2012 में जोहांसबर्ग में दक्षिण अफ्रीका ने 219 का स्कोर खड़ा किया था। बता दें कि वेलिंगटन टी20 में भी न्यूजीलैंड ने 219 रन ही बनाये थे।

8. अजब संयोग: यह केवल दूसरी बार था जब एमएस धोनी, दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत एक साथ प्लेइंग-11 में खेल रहे थे। इससे पहले किंग्सटन में जुलाई 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में यह तीन खिलाड़ी एक साथ खेले थे।

9. भाईयों की जुगलबंदी: यह पहला टी20 इंटरनेशनल भी था जिसमें हार्दिक पंड्या और क्रुणाल पंड्या दोनों भाई एक साथ खेलते नजर आये। वैसे भाईयों की बात करें तो इससे पहले इरफान पठान और यूसुफ पठान 8 टी20 इंटरनेशनल में एक साथ खेल चुके हैं। यह दोनों भाई 8 वनडे मैच में भी एक साथ खेले हैं। वहीं, मोहिंदर अमरनाथ और सुरिंदर अमरनाथ भी तीन वनडे मैचों में एक साथ खेल चुके हैं।  

10. भुवनेश्वर ने लुटाये रन: भुवनेश्वर कुमार ने वेलिंगटन में खेले गये पहले टी20 में 4 ओवर में 47 रन दिये। टी20 में इस तरह उन्होंने सबसे ज्यादा रन लुटाने का व्यक्तिगत रिकॉर्ड बना लिया। इससे पहले उन्होंने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 46 रन और फिर 2018 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 45 रन लुटाये थे।

Open in app