सुरेश रैना ने बताया था 'भविष्य का धोनी', रोहित शर्मा बोले- माही जैसा कोई नहीं

सुरेश रैना ने कुछ दिन पहले रोहित शर्मा को 'भविष्य का धोनी' बताया था, लेकिन खुद रोहित का मानना है कि...

By भाषा | Published: August 4, 2020 03:01 PM2020-08-04T15:01:48+5:302020-08-04T15:01:48+5:30

MS Dhoni is one of a kind, says Rohit Sharma on comparisons | सुरेश रैना ने बताया था 'भविष्य का धोनी', रोहित शर्मा बोले- माही जैसा कोई नहीं

सुरेश रैना ने बताया था 'भविष्य का धोनी', रोहित शर्मा बोले- माही जैसा कोई नहीं

googleNewsNext

भारत के स्टार सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी ‘अपनी तरह के अकेले’ खिलाड़ी हैं। रोहित ने इस तरह दो बार के पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान के साथ अपनी नेतृत्व शैली और धैर्य की तुलना को अधिक तवज्जो नहीं दी।

भारतीय टीम से बाहर चल रहे बल्लेबाज सुरेश रैना ने सुपर ओवर पोडकास्ट में रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट टीम का अगला महेंद्र सिंह धोनी कहा था। भारत की सीमित ओवरों की टीम के उप कप्तान और इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियन्स की अगुआई करने वाले रोहित ने अपनी नेतृत्व क्षमता की तुलना धोनी से करने पर प्रतिक्रिया दी।

एक प्रशंसक के सवाल के जवाब में ट्विटर पर पोस्ट वीडियो में रोहित ने कहा, ‘‘हां, मैंने सुरेश रैना की टिप्पणी सुनी है। महेंद्र सिंह धोनी अपनी तरह के अकेले हैं और कोई भी उनकी तरह नहीं हो सकता और मेरा मानना है कि इस तरह तुलना नहीं की जा सकती, प्रत्येक व्यक्ति अलग होता है और उसके अपने मजबूत पक्ष और कमजोरियां होती हैं।’’

रैना आईपीएल में रोहित की अगुआई में मुंबई इंडियन्स के चार आईपीएल खिताब जीतने के रिकॉर्ड से प्रभावित हैं जो धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिताबों से एक अधिक है। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में रोहित की अगुआई में भारत ने 2018 में श्रीलंका में निदाहस ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट और 50 ओवरों के एशिया कप का खिताब जीता।

रोहित ने 10 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का नेतृत्व किया और इस दौरान क्रमश: आठ और 15 मैच जीते। रैना ने कहा, ‘‘मैंने उसे देखा है, वह धैर्यवान रहता है, उसे दूसरों की बात सुनना पसंद है.... जब हमने बांग्लादेश में एशिया कप जीता था तो मैं उसके नेतृत्व में खेला था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महेंद्र सिंह धोनी शानदार था। उसने (रोहित ने) धोनी से अधिक आईपीएल खिताब जीते हैं लेकिन दोनों में काफी समानता है। कप्तान के रूप में दोनों को दूसरों की बात सुनना पसंद है।’’ रैना ने कहा, ‘‘जब आपका कप्तान सुन रहा हो तो आप काफी समस्याओं का हल निकाल सकते हो। इसलिए मेरी नजर में वे दोनों शानदार हैं।’’

Open in app