Highlightsजल्द मुंबई में बसने वाले हैं महेंद्र सिंह धोनी।वाइफ साक्षी ने शेयर की तस्वीरें।तस्वीर के साथ साक्षी ने लिखा- न्यू होम!
भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने परिवार के साथ जल्द मुंबई में बस सकते हैं। खुद धोनी की वाइफ साक्षी ने मुंबई में बनाए जा रहे घर की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की हैं। इसमें साफ नजर आ रहा है कि उनके घर में अभी काम चल रहा है। इन तस्वीरों के साथ साक्षी ने लिखा- न्यू होम!
15 अगस्त को ले चुके अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास
माही विश्व कप-2019 के बाद से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से दूर थे, जिसके बाद 15 अगस्त 2020 को उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। हालांकि वो आईपीएल-13 में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते जरूर नजर आए।
लॉकडाउन में परिवार के साथ माही ने बिताया वक्त
लॉकडाउन के बीच महेंद्र सिंह धोनी अपने परिवार के साथ रांची स्थित फॉर्महाउस में थे। क्रिकेट में एक सफल करियर के बाद उन्होंने साल 2009 में हरमू रोड पर तीन मंजिला घर खरीदा था। धोनी इस घर में 8 साल तक रहे। साल 2017 में धोनी कैलाशपति फॉर्म हाउस में शिफ्ट हो गए थे।
रांची में 7 एकड़ का फॉर्म हाउस
धोनी का रांची में 7 एकड़ का फॉर्म हाउस है। इसमें उन्होंने एक शानदार बंगला और बाइक-कारों के लिए एक गैराज बना रखा है। धोनी बाकी जमीन पर जैविक खेती करना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने पिछले महीने 8 लाख रुपये का ट्रैक्टर भी खरीदा था।
मनोरंजन के क्षेत्र में भी काम करेंगे धोनी
महेंद्र सिंह धोनी अब मनोरंजन क्षेत्र में भी काम करने जा रहे हैं और पिछले साल धोनी की प्रोडक्शन कंपनी ने एक डॉक्यूमेंट्री लॉन्च की, जिसमें साक्षी कंपनी की प्रबंध निदेशक हैं। इसके लिए धोनी ने अंधेरी में एक ऑफिस भी खरीदा है।
महेंद्र सिंह धोनी के करियर पर एक नजर
विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी 90 टेस्ट की 144 पारियों में 16 बार नाबाद रहते 4876 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 शतक, 33 अर्धशतक और 1 दोहरा शतक जड़ा। बात अगर 350 वनडे मैचों की करें, तो इसमें 84 बार नाबाद रहते हुए धोनी 10773 रन ठोके। एकदिवसीय मैचों में माही 10 सेंचुरी और 73 फिफ्टी लगाई। वहीं टी20 के 98 मुकाबलों में 2 अर्धशतक की मदद से 1617 रन जुटाए।
धोनी का प्रदर्शन आईपीएल में भी शानदार रहा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में तीन बार चेन्नई सुपर किंग्स को खिताब दिलाया है। आईपीएल के 204 मैचों में उन्होंने 69 बार नाबाद रहते हुए 23 अर्धशतक की मदद से 4632 रन बनाए हैं।