IPL 2021: शाहरुख खान की केकेआर पस्त, वानखेड़े स्टेडियम में रिकॉर्ड खराब, 11 मैचों में 10वीं हार

IPL 2021: क्रिस मौरिसकी अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान संजू सैमसन की नाबाद 42 रन की संयमित पारी से उसने केकेआर की पारी को नौ विकेट पर 133 रन पर रोकने के बाद 18.5 ओवर में चार विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल कर लिया।

By सतीश कुमार सिंह | Published: April 25, 2021 08:11 AM2021-04-25T08:11:54+5:302021-04-25T08:12:57+5:30

IPL 2021 Shah Rukh Khan's KKR battered record poor at Wankhede Stadium 10th defeat in 11 matches | IPL 2021: शाहरुख खान की केकेआर पस्त, वानखेड़े स्टेडियम में रिकॉर्ड खराब, 11 मैचों में 10वीं हार

वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स का पहले से ही खराब रिकॉर्ड जारी है। (file photo)

googleNewsNext
Highlightsराजस्थान की टीम चार अंक के साथ तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई।केकेआर लगातार चौथी हार के बाद दो अंक के साथ सबसे नीचे आठवें स्थान पर है।सैमसन ने 41 गेंद की नाबाद पारी में दो चौके और एक छक्का जड़ा।

IPL 2021: राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हराकर सत्र की दूसरी जीत दर्ज की।

तालिका में नीचले पायदान पर काबिज दो टीमों के इस मुकाबले में राजस्थान की टीम मैच के शुरू से हावी रही। आईपीएल 2021 में शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स का हाल बहुत ही खराब है। टीम सबसे नीचे है। पिछले सीजन में बीच मैच के दौरान कप्तान भी बदल दिया गया था।

केकेआर टीम में सुधार नहीं हो रहा है। कप्तान इयोन मोर्गन लगातार फ्लॉप चल रहे हैं। अभी तक खेले गए 5 मैच में टीम ने मात्र एक जीत दर्ज की है। आठ टीमों में सबसे नीचे है। बल्लेबाज लगातार गलत शॉट खेल कर आउट हो रहे हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टीम का इस सीजन में भी रिकॉर्ड नहीं सुधर पाया।

कोलकाता नाइट राइडर्स का पहले से ही खराब रिकॉर्ड जारी

वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स का पहले से ही खराब रिकॉर्ड जारी है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ तीन दिन पहले ही एक और हार झेलनी पड़ी थी। कल रात राजस्थान रॉयल्स ने फिर से वानखेड़े में मात दे दी। 

कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 11 मैचों में 10वीं हार झेली।  मुंबई के इस ऐतिहासिक मैदान में आज तक तक सिर्फ 1 बार ही जीत दर्ज की है। 10 में से आठ हार तो केवल मुंबई इंडियंस के खिलाफ झेलनी पड़ी है। कोलकाता को वानखेड़े में इकलौती जीत 2012 में मुंबई के खिलाफ मिली थी।

केकेआर का कोई भी बल्लेबाज सहज होकर नहीं खेल सका

पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने के बाद त्रिपाठी के अलावा केकेआर का कोई भी बल्लेबाज सहज होकर नहीं खेल सका। शुरुआती दो ओवरों के किफायती रहने के बाद नीतिश राणा ने तीसरे ओवर में जयदेव उनादकट की गेंद पर पारी का पहला चौका लगाया तो वही अगले ओवर में गिल ने मुस्ताफिजूर की गेंद को बाउंड्री पर पहुंचाया।

इसके दो गेंद के बाद जायसवाल ने गिल का कैच टपका दिया। गिल हालांकि इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे और छठे ओवर में एक रन चुराने की कोशिश में रन आउट हो गये। बटलर की सीधी थ्रो ने उनकी 19 गेंद में 11 रन की पारी को खत्म किया। पावर प्ले में केकेआर एक विकेट पर महज 25 रन ही बना सका।

राहुल त्रिपाठी ने क्रीज पर कदम रखते हुए उनादकट के खिलाफ अपनी पहली गेंद पर चौका जड़ा तो वही इस ओवर की आखिरी गेंद पर राणा ने पारी का पहला छक्का लगाया। नौवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये सकारिया ने विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराकर राणा को चलता कर दिया। उन्होंने 25 गेंद में 22 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आये नारायण ने अपनी पहली गेंद पर ही चौका जड़ा। उनादकट ने हालांकि नारायण को खतरनाक होने से पहले ही पवेलियन की राह दिखा दी।

शॉट लगाने के चक्कर में रियान पराग को कैच थमा बैठे

नारायण उनकी धीमी गेंद को पढ़ने में नाकाम रहे और जायसवाल ने शानदार कैच लपक कर सात गेंद में छह रन की उनकी पारी को खत्म किया। केकेआर ने 10 ओवर में तीन विकेट 53 रन बना लिये। त्रिपाठी ने 11वें ओवर में मैरिस के दूसरे स्पैल का स्वागत फाइन लेग के ऊपर से छक्के के साथ किया। अगली ही गेंद पर कप्तान इयोन मोर्गन स्ट्राइक पर आये बिना दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गये। त्रिपाठी ने शानदार स्ट्रेट ड्राइव लगाया लेकिन गेंद मोर्गन के बल्ले से टकरा कर मैरिस के पास चली गयी और उन्होंने गिल्लियां बिखेरने में देरी नहीं की।

त्रिपाठी ने इसके बाद 12वें ओवर में तेवतिया का स्वागत भी छक्के के साथ किया जबकि दिनेश कार्तिक ने उनके अगले ओवर में अपना पहला चौका जड़ा। मुस्ताफिजूर ने इसके बाद 16वें ओवर में धीमी गेंद पर त्रिपाठी को फंसा लिया। वह बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में रियान पराग को कैच थमा बैठे।

आंद्रे रसेल (सात गेंद में नौ रन) ने मौरिस के खिलाफ 17वें ओवर में छक्का जड़कर अपना हाथ खोला लेकिन इसके दो गेंद बाद लांग ऑन बाउंड्री पर डेविड मिलर को कैच थमा बैठे। इसी ओवर में सकररिया ने कार्तिक का शानदार कैच लपक कर 24 गेंद में उनकी 25 रन की पारी को खत्म किया।

कमिंस (10) ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर मौरिस के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर ही पराग को कैच थमा बैठे। मौरिस ने पारी की आखिरी गेंद पर शिवम मावी (05) को बोल्ड कर चौथी सफलता हासिल की।

Open in app