IPL 2019, RR vs DC: पंत ने बनाए ताबड़तोड़ 78 रन, दिल्ली ने दर्ज की जीत

IPL 2019, RR vs DC: सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के दूसरे आईपीएल शतक और कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से राजस्थान ने छह विकेट पर 191 रन बनाए।

By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: April 22, 2019 11:38 PM2019-04-22T23:38:40+5:302019-04-22T23:38:40+5:30

IPL 2019, RR vs DC: Delhi Capitals won by 6 wkts | IPL 2019, RR vs DC: पंत ने बनाए ताबड़तोड़ 78 रन, दिल्ली ने दर्ज की जीत

IPL 2019, RR vs DC: पंत ने बनाए ताबड़तोड़ 78 रन, दिल्ली ने दर्ज की जीत

googleNewsNext

इंडियन प्रीमियर लीग सीजन-12 में सोमावार (22 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को जयपुर में 6 विकेट से मात दी। मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली ने 19.2 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

रहाणे ने जड़ा शतक, राजस्थान ने बनाए 191 रन: सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के दूसरे आईपीएल शतक और कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से राजस्थान ने छह विकेट पर 191 रन बनाए। रहाणे ने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 63 गेंद में 11 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 105 रन की पारी खेलने के अलावा स्मिथ (50) के साथ दूसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी भी की। स्मिथ ने 32 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके मारे। इन दोनों के अलावा स्टुअर्ट बिन्नी (19) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। राजस्थान की टीम हालांकि अंतिम पांच ओवर में 41 रन ही जुटा सकी और इस तरह से 200 रन के आंकड़े को छूने में नाकाम रही। दिल्ली की ओर से कागिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 37 रन देकर दो विकेट चटकाए। इशांत ने 29, अक्षर पटेल ने 39, जबकि क्रिस मॉरिस ने 41 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया। टास हारकर बल्लेबाजी करने उतरी रायल्स की शुरुआत खराब रही और उसने दूसरे ओवर में ही संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया जो एक भी गेंद खेले बिना रन आउट हुए।

रहाणे और स्मिथ ने इसके बाद पारी को संवारा जिससे टीम ने पावर प्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाए। रहाणे को 16 रन के निजी स्कोर पर अक्षर पटेल की गेंद पर इशांत शर्मा ने फाइन लेग पर जीवनदान दिया। रहाणे ने इसी ओवर ही लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर इसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने रबादा के अगले ओवर में भी चौका और छक्का मारा। कैच छूटने के बाद रहाणे बेहतरीन लय में दिखे और उन्होंने क्रिस मौरिस पर चौके के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। स्मिथ ने मौरिस और अमित मिश्रा पर चौके मारे। रहाणे ने अक्षर पर दो और चौके मारे जिससे टीम ने 10 ओवर में एक विकेट पर 95 रन बनाए। स्मिथ ने मिश्रा पर लगातार दो चौकों के साथ 11वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने तेज गेंदबाज शेरफेन रदरफोर्ड पर लगातार तीन चौके जड़े और फिर मौरिस की गेंद पर एक रन के साथ 31 गेंद मे अर्धशतक पूरा किया। स्मिथ हालांकि अक्षर की अगली ही गेंद को बाउंड्री खड़े मौरिस के हाथों में खेल गए। बेन स्टोक्स भी सिर्फ आठ रन बनाने के बाद मौरिस की गेंद पर अय्यर को कैच दे बैठे। रहाणे ने इशांत की गेंद पर दो रन के साथ 58 गेंद में टी20 करियर का दूसरा शतक पूरा किया। एशटन टर्नर हालांकि खाता खोले बिना इशांत की गेंद पर रदरफोर्ड को कैच दे बैठे। वह लगातार तीसरी पारी में पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हुए। रबादा ने अंतिम ओवर में बिन्नी और रियान पराग (4) को बोल्ड किया।

पंत की ताबड़तोड़ पारी: दिल्ली की शुरुआत बेहद शानदार रही और शिखर धवन-पृथ्वी शॉ ने पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। धवन 27 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऋषभ पंत ने पृथ्वी शॉ (42) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन जुटाए, जहां से दिल्ली जीत की राह पर आ गई। पंत ने 36 गेंदों में 10 बाउंड्री की मदद से नाबाद 78 रन बनाए, जिसके दम दिल्ली ने 4 गेंदें शेष रहते जीत हासिल कर ली। विपक्षी टीम की ओर से श्रेयस गोपाल ने 2, जबकि धवल कुलकर्णी-रियान पराग ने 1-1 विकेट झटके।

Open in app