Highlightsलड़के ने घुटने पर बैठकर हाथ में अंगूठी लेकर लड़की को प्रपोज किया। घटना को स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन पर भी दिखाया गया। लड़की ने प्रपोजल को मान लिया और दोनों जल्द ही अब शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल, क्रीज पर विराट कोहली और श्रेयस अय्यर भारत को जीत दिलाने की कोशिश कर रहे थे। वहीं मैदान के बाहर एक भारतीय लड़के ने सरेआम अपनी ऑस्ट्रलियन गर्लफ्रेंड को प्रपोज कर दिया।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में भारतीय लड़के ने ऑस्ट्रेलियाई लड़की को प्रपोज किया, जिस पर लड़की ने हां कहा। इसके बाद लड़की ने लड़के द्वारा दिए गए रिंग को पहना और फिर उसे किस भी किया। इसके बाद दर्शकों ने तालियां बजाकर दोनों को बधाई दी। अब इन दोनों का एक इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है।
cricket.com.au ने दोनों से बातचीत की और इसका वीडियो ट्विटर पर शेयर किया। प्रपोज करने वाले लड़के का नाम दीपन और लड़की का नाम रोज है। दीपन जहां भारत के रहने वाले हैं तो वहीं रोज ऑस्ट्रेलिया की हैं। दीपन ने बताया कि वो दोनों ही क्रिकेट के बहुत बड़े फैन हैं। 18 महीने से एक-दूसरे को डेट करने के बाद उन्होंने रोजी को शादी के लिए प्रपोज करने का मन बनाया।
दीपन के मुताबिक इस काम में उनके दोस्तो ने भी उनका साथ दिया। इंटरव्यू के दौरान दोनों से पूछा गया कि क्या स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों को शादी में आने का न्योता मिलेगा? इस पर रोज़ ने कहा कि हां, बिलकुल. सभी लोग शादी में आ सकते हैं। ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल भी प्रपोजल को देखकर खुश हुए। मैक्सवेल इस घटना के बाद मैदान पर तालियां बजाते नजर आए।