IND vs ENG: वनडे सीरीज में धोनी फिर करेंगे कमाल, इन दो बड़े रिकॉर्ड के हैं करीब

MS Dhoni: स्टार बल्लेबाज एमएस धोनी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान दो कमाल के रिकॉर्ड को पूरा कर सकते हैं

By भाषा | Published: July 11, 2018 05:48 PM2018-07-11T17:48:20+5:302018-07-11T17:59:30+5:30

India vs England: MS Dhoni needs 33 runs to reach 10000 runs mark in ODIs | IND vs ENG: वनडे सीरीज में धोनी फिर करेंगे कमाल, इन दो बड़े रिकॉर्ड के हैं करीब

एमएस धोनी

googleNewsNext

नॉटिंघम, 11 जुलाई: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की निगाहें इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार से यहां शुरू होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के दौरान कुछ नए रिकॉर्ड बनाने पर टिकी रहेंगी, जिनमें इस प्रारूप में 10,000 रन पूरे करने वाला विश्व का 12वां बल्लेबाज बनना भी शामिल है।

धोनी ने अब तक 318 वनडे मैचों में 9967 रन बनाए हैं और उन्हें 10,000 रन के विशिष्ट क्लब में शामिल होने के लिए अब केवल 33 रन की दरकार है। अगर उन्हें पहले वनडे में बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो ट्रेंटब्रिज में ही यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। भारत के अब तक केवल तीन बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने ही वनडे में 10,000 रन बनाए हैं। धोनी ने भारत की तरफ से 9793 और एशिया एकादश की तरफ से 174 रन बनाए हैं। 

धोनी के अलावा इस क्लब में कप्तान विराट कोहली भी जल्द ही शामिल हो सकते हैं। कोहली के नाम पर अभी 208 मैचों में 9588 रन दर्ज हैं और उन्हें 'दस हजारी' बनने के लिए 412 रन की दरकार है। उनके लिए हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के दौरान इस मुकाम पर पहुंचना मुश्किल होगा। 

पढ़ें: जब धोनी ने कुलदीप पर भड़कते हुए कहा था, 'क्या मैं पागल हूं यहां पे? 300 वनडे खेला हूं'

जहां तक धोनी का सवाल है तो 'दस हजारी' बनने के अलावा वह इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं जिसके लिए उन्हें 98 रन की जरूरत है। इन दोनों के देशों के बीच वनडे में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अभी युवराज सिंह (1523 रन) के नाम पर है। धोनी 1425 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं। तेंदुलकर ने 1455 रन बनाए हैं जबकि विराट कोहली (921 रन) इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन पूरे करने की दहलीज पर हैं।

पढ़ें: Ind Vs Eng: भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज कल से, कप्तान कोहली को लेकर हो सकता है ये बड़ा बदलाव

300 कैच पूरे करने से सिर्फ 3 कैच दूर हैं धोनी

विकेटकीपिंग में भी धोनी एक नई उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। उन्हें विकेट के पीछे 300 कैच पूरे करने के लिए केवल तीन कैच की दरकार है। उन्होंने अब तक 297 कैच लिए हैं। विश्व क्रिकेट में वनडे में अब तक केवल एडम गिलक्रिस्ट (417), मार्क बाउचर (402) और कुमार संगकारा (383) ही 300 से अधिक कैच ले पाए हैं। धोनी ने वनडे में सर्वाधिक 107 स्टंप भी किए हैं और इस तरह से उनके नाम पर 404 शिकार दर्ज हैं। 

Open in app