ICC World Cup 2019, IND vs ENG: टूर्नामेंट में भारत की पहली हार, इंग्लैंड ने 31 रन से जीता मुकाबला

ICC World Cup 2019, IND vs ENG: टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड को बेयरस्टो और राय की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने सतर्कता के साथ बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में टीम का स्कोर 47 रन तक पहुंचाया।

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 30, 2019 11:14 PM2019-06-30T23:14:35+5:302019-06-30T23:14:35+5:30

ICC World Cup 2019, IND vs ENG: England won by 31 runs | ICC World Cup 2019, IND vs ENG: टूर्नामेंट में भारत की पहली हार, इंग्लैंड ने 31 रन से जीता मुकाबला

ICC World Cup 2019, IND vs ENG: टूर्नामेंट में भारत की पहली हार, इंग्लैंड ने 31 रन से जीता मुकाबला

googleNewsNext

इंग्लैंड ने 30 जून को बर्मिंघम में विश्व कप-2019 के 38वें मैच में भारत को 31 रन से मात दी। ये इस टूर्नामेंट भारत की पहली हार रही। मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 7 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। टारगेट का पीछा करते हुए भारत 5 विकेट खोकर 306 रन ही बना सका। 

सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के शतक की बदौलत इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 337 रन बनाए। बेयरस्टो ने 109 गेंद में छह छक्कों और 10 चौकों की मदद से 111 रन की पारी खेली। उन्होंने जेसन रॉय (66) के साथ पहले विकेट के लिए 160 रन जोड़कर इंग्लैंड को तूफानी शुरुआत दिलाई। बेन स्टोक्स (79) ने तेजतर्रार अर्धशतक जड़ा जबकि जो रूट (44) ने भी उम्दा पारी खेली। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 69 रन देकर पांच विकेट चटकाए। जसप्रीत बुमराह ने किफायती गेंदबाजी की और 44 रन देकर एक विकेट चटकाया, जबकि बाकी गेंदबाज महंगे साबित हुए। 

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड को बेयरस्टो और राय की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने सतर्कता के साथ बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में टीम का स्कोर 47 रन तक पहुंचाया। रॉय हालांकि 11वें ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंद पर भाग्यशाली रहे, जब उनकी लेग साइड से बाहर जाती गेंद पर बल्लेबाज ने प्रहार करने की कोशिश और अंपायर ने इसे वाइड करार दे दिया। भारत ने विचार-विमर्श के बाद डीआरएस नहीं लेने का फैसला किया लेकिन रीप्ले में दिखा कि विराट कोहली की टीम अगर डीआरएस लेती को रॉय को पवेलियन लौटना होता क्योंकि गेंद उनके ग्लव्स से टकराकर धोनी के हाथों में पहुंची थी। रॉय इस समय 21 रन बनाकर खेल रहे थे और उन्होंने अगली दो गेंद पर छक्का और चौका मारा। 

बेयरस्टो ने युजवेंद्र चहल पर दो छक्कों के साथ 16वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और इस दौरान 56 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। बेयरस्टो के पहले छक्का को लपकने की कोशिश में लोकेश राहुल बाउंड्री पर चोटिल भी हो गए और उनकी जगह क्षेत्ररक्षण के लिए रविंद्र जडेजा को मैदान पर उतरना पड़ा। 

रॉय ने कुलदीप यादव की गेंद पर दो रन के साथ 41 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर अगली गेंद पर छक्का जड़ा। रॉय हालांकि कुलदीप की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लांग आफ पर जडेजा के शानदार कैच का शिकार बने। उन्होंने 57 गेंद का सामना करते हुए सात चौके और दो छक्के मारे। बेयरस्टो और रूट ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। बेयरस्टो ने स्वच्छंद बल्लेबाजी जारी रखी और पंड्या की गेंद पर एक रन के साथ 90 गेंद में विश्व कप का अपना पहला शतक पूरा किया। इंग्लैंड के 200 रन 30वें ओवर में पूरे हुए। 

कप्तान कोहली ने शमी को इसके बाद गेंदबाजी में वापसी कराई और उनके नए स्पैल की चौथी गेंद को ही बेयरस्टो डीप प्वाइंट पर ऋषभ पंत के हाथों में खेल गए। शमी के अगले ओवर में इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन (01) भी शार्ट गेंद को हुक करने की कोशिश में फाइन लेग पर जाधव को कैच दे बैठे, जिससे इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 207 रन हो गया। बेन स्टोक्स ने इसके बाद मोर्चा संभाला। उन्होंने चहल पर दो छक्के और एक चौका मारा। चहल ने 10 ओवर में 88 रन खर्च किए जो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनका सबसे खराब प्रदर्शन है। 

शमी ने अपने तीसरे स्पैल के लिए वापसी करते हुए पहली ही गेंद पर रूट को फाइन लेग पर पंड्या के हाथों कैच कराया। रूट ने 54 गेंद का सामना करते हुए दो चौके मारे। शमी ने जोस बटलर (20) और फिर क्रिस वोक्स (07) को पवेलियन भेजकर करियर में पहली बार पांच विकेट हासिल किए। स्टोक्स ने शमी की गेंद पर दो रन के साथ 38 गेंद में लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया। स्टोक्स ने शमी की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा लेकिन पारी के अंतिम ओवर में बुमराह की गेंद पर जडेजा को कैच दे बैठे।

टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल बगैर खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान कोहली ने रोहित शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। कोहली 66 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रोहित शर्मा ने इस टूर्नामेंट तीसरा शतक लगाते हुए 109 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 102 रन बनाए। 

विश्व कप में डेब्यू मैच खेलने वाले ऋषभ पंत ने तेजतर्रार 32, जबकि हार्दिक पंड्या ने 45 रन टीम के खाते में जोड़े। टीम इंडिया का जब पांचवां विकेट गिरा, तो स्कोर 267 था। यहां से धोनी ने 31 गेंदों में नाबाद 42 रन की पारी खेली। धोनी के ही बल्ले से भारतीय पारी का इकलौता छक्का आया, लेकिन वह टीम को जीत दिला ना सके। टीम इंडिया निर्धारित 50 ओवरों में 306 से आगे ना जा सकी। इंग्लैंड की ओर से लियाम प्लंकेट ने 3, जबकि क्रिस वोक्स ने 2 शिकार किए।

Open in app