विश्व कप से पहले अभ्यास मैच में साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को 87 रन से शिकस्त दी। कार्डिफ में 24 मई को खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 338 रन बनाए।
सलामी जोड़ी के रूप में हाशिम अमला और ऐडन मार्करम (21) ने 47 रन टीम के खाते में जोड़े। हाशिम अमला 61 गेंदों में 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके बाद कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने 69 गेंदों में 88, जबकि डसेन ने 40 रन टीम के खाते में जोड़े।
इन बल्लेबाजों के दम साउथ अफ्रीका ने 35.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 228 रन बना लिए थे। इसके बाद जेपी ड्यूमिनी (22), फेहुलकवायो (35), प्रिटोरियस (25) और क्रिस मॉरिस (26) ने टीम के खाते में अहम योगदान दिया। विपक्षी टीम की ओर से सुरंगा लकमल-नुवान प्रदीप को 2-2 सफलता हाथ लगी।
टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। महज 10 रन के अंदर ही कुशल परेरा (0) और लाहिरू थिरिमाने (10) पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने कुशल मेंडिस (37) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला। करुणारत्ने ने 87, जबकि एंजेलो मैथ्यूज ने 64 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका और श्रीलंका 42.3 ओवर में महज 251 रन पर ही सिमट गई। साउथ अफ्रीका की ओर से आदिले फेहुलकवायो ने 4 विकेट झटके। उनके अलावा लुगी नगिडी को 2 सफलता हाथ लगी।