नई दिल्ली, 19 जुलाई: अपनी क्रिकेट कमेंट्री के लिए चर्चित हर्षा भोगले गुरुवार को 57 साल के हो गए। हर्षा भोगले भारत के सबसे लोकप्रिय कमेंटेटर्स में शुमार रहे हैं और उनकी रोचक अंदाज में की गई कमेंट्री की वजह से दुनिया भर में उनके लाखों फैंस हैं। भोगले के इन फैंस में कई स्टार क्रिकेटर भी शामिल हैं, उनमें से एक हैं, वीरेंद्र सहवाग।
टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग ने हर्षा भोगले को उनके 57वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए मजेदार ट्वीट किया और लिखा, 'बोरिंग टेस्ट मैच को भी अपनी कमेंट्री से इंट्रेस्टिंग बना दें, ऐसे हैं पोएटिक आर्टिस्टिक कमेंटेटर हर्षा भोगले। हैपी बर्थडे हर्षा!'
सहवाग के इस ट्वीट पर हर्षा भोगले ने भी जवाब दिया और लिखा, 'शुक्रिया वीरू जी। जब आपका बल्ला चलता था को आम बोलने वाले भी शायराना अंदाज अपनाते थे।'
जानिए चर्चित कमेंटेटेर हर्षा भोगले को
हर्षा भोगले का जन्म 19 जुलाई 1961 को हैदराबाद में एक मराठी परिवार में हुआ था। हर्षा भोगले के माता-पिता दोनों ही प्रोफेसर थे। हर्षा भोगले ने केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद आईआईएम अहमदाबाद से मैनजमेंट में डिप्लोमा किया है।
महज 19 साल की उम्र में उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो के लिए कमेंट्री की थी। 1995 से वह टीवी कमेंट्री की दुनिया से जुड़े और तब से दर्शकों को अपने आकर्षक स्टाइल में की गई कमेंट्री से प्रभावित करते आ रहे हैं।
हैपी बर्थडे हर्षा भोगले!