इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 फाइनल में बेन स्टोक्स स्टार बनकर उभरे। स्टोक्स ने 84 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को 241 रन के स्कोर तक पहुंचते हुए मैच को टाई करने में अहम भूमिका निभाई।
इसके बाद हुए सुपर ओवर में भी स्टोक्स ने 3 गेंदों में 8 रन बनाते हुए न्यूजीलैंड को 16 रन का लक्ष्य दिया, जो बाद में टाई हो गया। फिर मैच में ज्यादा बाउंड्री के आधार पर इंग्लैंड को विजेता घोषित किया गया।
बेन स्टोक्स न्यूजीलैंडर ऑफ द इयर अवॉर्ड के लिए नामित
अब इन सारे प्रकरणों के बीच बेन स्टोक्स को न्यूजीलैंड ऑफ द इयर अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। स्टोक्स के साथ ही न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन को भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।
इस अवॉर्ड के चीफ जज कैमरन बेनेट ने कहा, 'स्टोक्स भले ही न्यूजीलैंड के लिए न खेल रहे हों, लेकिन क्राइस्टचर्च में पैदा होने जहां उनके माता-पिता रहते हैं, और माउरी वंश का होने से, कुछ किवी लोग हैं, जिन्हें लगता है कि वे अब स्टोक्स के अपने होने का दावा कर सकते हैं।'
स्टोक्स का जन्म न्यूजीलैंड में हुआ था
वर्ल्ड फाइनल के बाद बेन स्टोक्स की विरासत की काफी चर्चा हुई। स्टोक्स का जन्म न्यूजीलैंड में हुआ था, लेकिन 12 साल की उम्र में वह इंग्लैड चले आए थे।
स्टोक्स के पिता गेरार्ड ने न्यूजीलैंड के लिए रग्बी लीग खेली थी। उनके पिता ने फाइनल से पहले ये भी कहा था कि वह बेटे के इंग्लैंड के लिए खेलने के बावजूद न्यूजीलैंड का समर्थन करेंगे, क्योंकि वह अब भी क्राइस्टचर्च में रहते हैं।
केन विलियम्सन से भी प्रभावित अवॉर्ड के चीफ जज
साथ ही बेनेट इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में हार के बावजूद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने जिस तरह का व्यवहार किया उससे काफी प्रभावित हैं।
'न्यूजीलैंड वासी के तौर पर हम साहस, निष्पक्षता, विनम्रता के जिन गुणों को संजोते हैं, वह उनका मूर्त रूप रहे हैं।'