Petrol and Diesel Price: आज फिर बढ़े दाम, पेट्रोल 56 और डीजल 63 पैसे प्रति लीटर हुआ महंगा
By रामदीप मिश्रा | Published: June 19, 2020 06:51 AM2020-06-19T06:51:55+5:302020-06-19T06:51:55+5:30
सरकारी तेल कंपनियां कीमतों की समीक्षा करने के बाद प्रतिदिन पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम दैनिक आधार पर 6 बजे से पेट्रोल रेट और डीजल रेट में संशोधन करती हैं और जारी करती हैं।
नई दिल्लीः तेल कंपनियों ने लगातार 12वें दिन पेट्रोल और डीजल के दाम में वृद्धि की है। पेट्रोल के दाम में शुक्रवार को 56 पैसे और डीजल के दाम में 63 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। पिछले 13 दिन में पेट्रोल का कुल दाम 7.11 रुपये और डीजल का कुल दाम 7.67 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुका है। तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल का दाम 78.37 रुपये प्रति लीटर हो गया। वहीं डीजल का दाम 77.06 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया।
तेल कंपनियां ये दाम पूरे देश में एक समान बढ़ाती हैं लेकिन राज्यों के स्तर पर इन पर लगने वाले स्थानीय बिक्री कर अथवा मूल्य वर्धित कर (वैट) की दर अलग अलग होने के कारण दाम में वृद्धि अलग अलग दिखती है। डीजल के दाम में मंगलवार को हुई 93 पैसे की प्रति लीटर की वृद्धि तेल कंपनियों द्वारा ईंधन के दाम में दैनिक संशोधन शुरू किये जाने के बाद से एक दिन में होने वाली सबसे बड़ी वृद्धि है।
Petrol and diesel prices at Rs 78.37/litre (increase by Re 0.56) and Rs 77.06/litre (increase by Re 0.63), respectively in Delhi today. pic.twitter.com/ZHLg0h54FL
— ANI (@ANI) June 19, 2020
तेल कंपनियां सात जून से बढ़ा रही हैं ईंधन के दाम
तेल कंपनियों ने मई 2017 से पेट्रोल, डीजल के दाम दैनिक आधार पर अंतरराष्ट्रीय मूल्य के अनुरूप संशोधन की शुरुआत की थी। कंपनियों ने सात जून के बाद से पेट्रोल, डीजल के दाम में दैनिक संशोधन का काम फिर शुरू किया है। इससे पहले मार्च 2020 के बीच में इसे रोक दिया गया था। करीब 82 दिन तक दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया। मध्य मार्च में जब कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर में लॉकडाउन लगाने की तैयारियां चल रही थी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम गिर रहे थे तब सरकार ने ईंधन पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगा दिया और राजस्व बढ़ाने के उपाय किये। हालांकि, उत्पाद शुल्क वृद्धि का बोझ ग्राहकों पर नहीं पड़ा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट के साथ इसे समायोजित कर दिया गया।
सरकारी तेल कंपनियां कीमतों की समीक्षा करने के बाद प्रतिदिन पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम दैनिक आधार पर 6 बजे से पेट्रोल रेट और डीजल रेट में संशोधन करती हैं और जारी करती हैं।
आप अपने शहर के पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना SMS के जरिए भी चेक कर सकते है। इंडियन ऑयल (IOC) के उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9224992249 नंबर पर व एचपीसीएल (HPCL) के उपभोक्ता HPPRICE <डीलर कोड> लिखकर 9222201122 नंबर पर भेज सकते हैं। बीपीसीएल (BPCL) उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज सकते हैं।