मुकेश अंबानी की बेटी ईशा की शादी की तारीख तय, इस दिन लेंगी आनंद के साथ सात फेरे
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: October 31, 2018 09:35 AM2018-10-31T09:35:02+5:302018-10-31T09:35:02+5:30
देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और पत्नी नीता अंबानी आजकल अपनी लाड़ली बेटी ईशा की शादी की तैयारियों में बिजी हैं। इस बीच शादी का कार्ड भी तैयार हो गया है। अंबानी फैमिली कोई भी शुभ कार्य करने से पहले गणपति बाप्पा से आशीर्वाद लेने सिद्धिविनायक जाता है और हर बार की तरह इस बार भी यह परिवार कार्ड लेकर सिद्धिविनायक पहुंचा।
मंदिर जाते हुए नीता और मुकेश अंबानी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इस दौरान उनके साथ मुकेश अंबानी की मां कोकिलाबेन भी नजर आईं। नीता अंबानी हाथ में पूजा का थाल लिए हुए नजर आईं। अभी शादी की डेट की कोई पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सूत्रों की मानें तो दिसंबर में ईशा अपने मंगेतर आनंद के साथ शादी के बंधन में बंधेंगी।
आनंद, पीरामल ग्रुप के मालिक अजय पीरामल के बेटे हैं। सितंबर में ईशा और आनंद की इटली के फेमस लेक कोमो में सगाई हुई थी। इस जश्न में बॉलीवुड की कई हस्तियां भी शामिल हुई थीं। सगाई की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। सगाई बेहद रॉयल तरीके से हुई थी। इससे पहले आनंद ने ईशा को महाबलेश्वर के मंदिर में प्रपोज किया था।
ईशा के अलावा अंबानी फैमिली में एक और शादी होने वाली है। मुकेश अंबानी के बेटे आकाश की सगाई डायमंड किंग रसेल मेहता की बेटी श्लोका से हो चुकी है। खबर है कि दोनों भाई-बहन की शादी साथ में होगी। रही बात मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की, तो वह राधिका मर्चेंट को डेट कर रहे हैं।