मुंबई में अभिनेत्री को बार-बार भेजे गए अंडरगारमेंट्स व सेक्स टॉयज; पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
By अनिल शर्मा | Published: September 22, 2021 08:55 AM2021-09-22T08:55:56+5:302021-09-22T08:58:30+5:30
पुलिस ने जांच को लेकर कहा कि हमें कुछ मोबाइल नंबर मिले हैं जिनसे शॉपिंग पोर्टल्स को ऑर्डर दिया गया था; हालांकि, हमें अभी तक नंबर के स्थान का पता नहीं चल पाया है।
मुंबईः अंबोली पुलिस एक ऐसे शख्स की तलाश कर रही है जो पिछले दो महीने से एक अभिनेत्री को अंडरगारमेंट्स और सेक्स टॉयज भेज रहा है। अभिनेत्री ने शुरू में इसे नजरअंदाज किया। हालांकि जब ऐसा बार-बार किया गया तब उसने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, अभिनेत्री को कम से कम सात से आठ बार अंडरगारमेंट्स और सेक्स टॉयज भेजे गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जोगेश्वरी निवासी 28 वर्षीय अभिनेत्री को दो महीने पहले एक अज्ञात प्रेषक से पार्सल मिला था। शुरू में उसे लगा कि कोई शरारत कर रहा है। इसके बाद, उसे लगभग हर ज्ञात शॉपिंग पोर्टल से भेजे गए समान पार्सल प्राप्त हुए। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने अंबोली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अंबोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हमने एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 509 (शब्द, हावभाव या महिला के शील का अपमान करने का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने कहा कि चूंकि प्राथमिकी दर्ज की गई है, इसलिए महिला को अभी तक ऐसा कोई उत्पाद नहीं मिला है।
पुलिस ने जांच को लेकर कहा कि हमें कुछ मोबाइल नंबर मिले हैं जिनसे शॉपिंग पोर्टल्स को ऑर्डर दिया गया था; हालांकि, हमें अभी तक नंबर के स्थान का पता नहीं चल पाया है।