सुशांत के निधन को लेकर रिया चक्रवर्ती से पुलिस कर सकती है पूछताछ, एक्टर के थीं बेहद करीब
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: June 16, 2020 06:29 AM2020-06-16T06:29:58+5:302020-06-16T06:29:58+5:30
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत सिंह राजपूत ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। वहीं मीडिया में चल रही रिपोर्ट का माने तो वह अपने काम को लेकर गंभीर अवसाद से भी गुजर रहे थे
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की रविवार को मौत हो गई। सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा वाले घर में आत्महत्या कर ली। इस खबर के बाद से बॉलीवुड जगत के साथ-साथ पूरा देश सदमे में है। हर किसी को सुशांत सिंह राजपूत के पोस्टमार्टम का इंतजार था। तीन डॉक्टरों ने सुशांत का पोस्टमार्टम किया, जिसमें फंदे से दम घुटने को वजह बताया गया है।
इतना प्रतिभावान और जिंदादिल कलाकार का खुदकुशी करना, कई सवाल खड़े कर रहा है। इसी के चलते महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने सुशांत के आत्महत्या के मामले में हर पहलू से जांच करने की बात कही है। सुशांत के निधन के बाद से रिया चक्रवर्ती को कई तरह के सवालों में घेरा जा रहा है।
सुशांत और रिया चक्रवर्ती के अफेयर की बात भी की जा रही है। कहा जा रहा है कि दुनिया को अलविदा कहने से पहले सुशांत ने रिया को कॉल भी किया था। सुशांत के अंतिम संस्कार में रिया पहुंची थीं। अब पुलिस इस मामले में रिया से भी पूछताछ करेगी। पुलिस ने सुशांत के दोस्तों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही अभी कई और लोगों से बातचीत होना बाकी है।
पुलिस जिन लोगों से पूछताछ करेगी उनमें सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी का नाम भी शामिल है। कहा जा रहा है कि आत्महत्या से पहले सुशांत ने महेश और रिया को कॉल किया था लेकिन दोनों ने फोन नहीं उठाया। वहीं जब महेश ने सुशांत को कॉल किया तब तक वो आत्महत्या कर चुके थे।