बीमार बहन को सोनू सूद ने दी नई जिंदगी तो नेहा ने भेज दिया शादी का निमंत्रण, एक्टर बोले- चलो बिहार की शादी देखते हैं
By अमित कुमार | Published: November 18, 2020 12:07 PM2020-11-18T12:07:50+5:302020-11-18T12:19:53+5:30
लॉकडाउन के दौरान सोनू सूद के काम से प्रभावित होकर कई लोगों ने उनके लिए कुछ स्पेशल किया है। सोनू सूद की फैंस की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है।
लॉकडाउन के दौरान लोगों के लिए मसीहा बने सोनू सूद की फैन फॉलोइंग में जबरदस्त तरीके से इजाफा हुआ है। सोनू ने लॉकडाउन के समय कई मजबूर लोगों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया था। लॉकडाउन के कारण लोगों की जिंदगी पहले से काफी बदल गई है। प्रवासी मजदूरों के अलावा भी कई जिंदगियों पर लॉकडाउन ने अपना गहरा असर छोड़ा है।
लोगों को घर पहुंचाने से लेकर आर्थिक रूप से उनकी मदद करने तक सोनू हमेशा आगे रहे हैं। सोनू सूद ने दिव्या सहाय नामक बिहार की लड़की का इलाज कराया था। दिव्या की बड़ी बहन नेहा सहाय ने सोनू सूद से मदद की अपील की थी। एम्स में सर्जरी के लिए डेट नहीं मिल पाने के बाद नेहा ने सोनू सूज को टैग कर मदद मांगी थी। जिसके बाद ऋषिकेश के एम्स में दिव्या सहाय की सफल सर्जरी हुई।
नेहा ने अब सोनू सूद को अपनी शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा है। नेहा की शादी का कार्ड का निमंत्रण मिलने के बाद सोनू सूद ने नेहा के ट्वीट का रिप्लाई देते हुए लिखा कि 'चलो बिहार की शादी देखते हैं.' नेहा ने रिप्लाई देते हुए लिखा कि सर आपका इंतजार रहेगा। आरा शहर के करमन टोला निवासी उमाशंकर सहाय की बड़ी बेटी नेहा की शादी 11 दिसंबर 2020 को बैंक पीओ वैभव से होनी है।
नेहा बिहार के भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला की रहने वाली हैं। बता दें कि लॉकडाउनके बाद भी सोनू को रोजाना बड़ी संख्या में मदद के लिए मैसेज मिलते थे। सोनू ने पहली बार अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए इस बात का खुलासा किया कि उन्हें रोज 32 हजार मैसेज मिलते हैं। सोनू सूद की दरियादिली को देखकर कई एक्टर ने उनकी तारीफ भी की थी।