‘महाभारत’ में इंद्र की भूमिका निभाने वाले सतीश कौल नहीं रहे, कोरोना से हुए थे संक्रमित
By भाषा | Published: April 10, 2021 05:44 PM2021-04-10T17:44:43+5:302021-04-10T19:37:42+5:30
सतीश कौल 74 साल के थे। उन्हें कोरोना संक्रमण हो गया था। करीब छह दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
लुधियाना: ‘‘महाभारत’’ धारावाहिक समेत कई फिल्मों एवं शो में नजर आ चुके पंजाब के अभिनेता सतीश कौल का कोविड-19 संबंधित स्वास्थ्य जटिलताओं के चलते शनिवार को यहां निधन हो गया। वह 74 साल के थे। कौल की बहन सत्या देवी के अनुसार छह दिन पहले बुखार होने पर उन्हें यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सत्या देवी ने कहा, ‘‘अस्पताल में कोविड-19 संक्रमण के चलते आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें बुखार था और वह ठीक नहीं थे। हमने उन्हें बृहस्पतिवार को अस्पताल में भर्ती कराया था और उनकी जांच करवायी थी, जिसमें सामने आया था कि वह कोविड-19 से संक्रमित हैं।’’
कौल के परिवार में उनकी बहन हैं। वह बी आर चोपड़ा के ‘‘महाभारत’’ में देवराज इंद्र की भूमिका के लिए लोकप्रिय हुए थे। उन्होंने ‘‘प्यार तो होना ही था’’, ‘‘आंटी नंबर वन’’ समेत 300 से अधिक पंजाबी एवं हिंदी फिल्मों में काम किया था। उन्होंने टीवी शो ‘‘विक्रम और बेताल’’ में भी काम किया था।
कौल 2011 में मुम्बई से पंजाब आ गये और उन्होंने अभिनय का एक स्कूल खोला लेकिन उनकी यह कोशिश सफल नहीं रही।
2015 में उनकी कमर की हड्डी टूट गयी थी और वह करीब ढाई साल तक बिस्तर पर पड़े रहे। बाद में वह एक वृद्धाश्रम चले गये और वहां 2019 तक रहे। फिर वह एक किराये के मकान में आकर रहने लगे।
पिछल साल मई में उन्होंने कहा था कि वह लॉकडाउन के दौरान दवाइयों, किराना के सामान एवं मूलभूत जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्होंने फिल्मोद्योग से मदद की अपील की थी।