रिया ने खुद को बताया सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड, गृहमंत्री अमित शाह से CBI जांच को लेकर कही ये बात
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: July 16, 2020 03:45 PM2020-07-16T15:45:30+5:302020-07-16T16:19:26+5:30
रिया चक्रवर्ती सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से सोशल मीडिया से गायब थीं, अब एक्ट्रेस ने एक्टर के निधन के एक महीने बाद खुद को उनकी गर्लफ्रेंड बताया है
सुशांत सिंह राजपूत के निधन के ठीक एक महीने बाद एक्टर की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने अपनी व्हाट्सअप की प्रोफाइल फोटो बदल दी थी। सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने घर पर सुसाइड कर ली थी। जिसके बाद से लगातार पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जिसके बाद 14 जुलाई को रिया ने सुशांत के साथ की फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की और इमोशनल पोस्ट लिखा था। अब रिया ने ऑफिसियली बता दिया है कि वह सुशांत की गर्लफ्रेंड है।
फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच की मांग की है। रिया चक्रवर्ती ने पोस्ट में लिखा है, आदरणीय अमित शाह सर, मैं सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती हूं। सुशांत के निधन को एक महीने से अधिक समय हो गया है। मुझे सरकार पर पूरा भरोसा है, हालांकि न्याय के हित में मैं आपसे हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि इस मामले की सीबीआई जांच शुरू की जाए। मैं केवल यह जानना चाहती हूं कि सुशांत पर यह कदम उठाने का किसने दबाव डाला। मैं जानना चाहती हूं कि सुशांत सिंह राजपूत ने यह गंभीर कदम क्यों उठाया। सत्यमेव जयते। सादर। रिया चक्रवर्ती।
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन को लेकर फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को सोशल मीडिया पर जमकर लताड़ा जा रहा था। सुशांत सिंह राजपूत के फैंस उन्हें दोष दे रहे थे, साथ ही यह भी कहा गया कि सुशांत सिंह राजपूत के अंतिम संस्कार में परिवार वालों ने रिया को आने की अनुमति नहीं दी थी। इसके चलते संदेह और बढ़ गया था। अब रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत के जाने के एक महीने बाद सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।
रिया को मिली रेप की धमकी
इससे पहले रिया ने आज ही एक पोस्ट और डाला था जिसमें उसने बताया था कि कैसे उनको रेप मर्डर की धमकी मिल रही हैं।रिया ने स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए लिखा है, मुझे गोल्ड डिगर (पैसे के लिए किसी को फंसाने वाली) कहा गया.. मैं चुप रही। मुझे खूनी कहा गया.. मैं चुप रही, मेरे चरित्र पर कीचड़ उछाला गया.. मैं चुप रही। लेकिन मेरी चुप्पी ने तुम्हें ये अधिकार कैसे दे दिया कि अगर मैंने अपनी जान न दी तो तुम मेरा रेप और मर्डर करवा दोगे?
जो तुमने कहा है, उसकी गंभीरता का भी अहसास है? ये क्राइम हैं, और कानूनी तौर पर किसी को ऐसे प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए। रिया ने इस पोस्ट के साथ साइबर क्राइम हेल्पलाइन को टैग करके, ऐक्शन लेने के लिए भी लिखा है।