न्यूयॉर्क में इलाज पर जाने से पहले ऋषि कपूर ने रिकॉर्ड किया था वीडियो, रवीना टंडन ने शेयर कर कही दिल छू लेने वाली बात
By अमित कुमार | Published: May 8, 2020 08:36 PM2020-05-08T20:36:51+5:302020-05-08T20:36:51+5:30
ऋषि कपूर के साथ काम करने वाले उनके कई को-स्टार को तो अभी तक इस बात का यकीन नहीं हो रहा कि ऋषि कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहे।
ऋषि कपूर आज हमारे बीच नहीं है। 30 अप्रैल को कैंसर से जंग लड़ते हुए उनका निधन हो गया था। ऋषि कपूर की मौत पर यकीन करना हर किसी के लिए बेहद मुश्किल है। ऋषि कपूर कर याद कर बॉलीवुड सेलिब्रेटीज लगातार इमोशनल हो रहे हैं। कई स्टार्स उनसे जुड़े अपने किस्सों को शेयर कर रहे हैं। उनके जाने का सदमा फिल्म जगत के लिए बहुत बड़ा है।
बॉलीवुड सिलेब्स लगातार ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अब ऐक्ट्रेस रवीना टंडन ने एक पुराना वीडियो शेयर कर के ऋषि कपूर को याद किया है। रवीना टंडन ने अपने इंस्टाग्राम पर ऋषि कपूर का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में ऋषि कपूर रवि टंडन के पिता को 80वें जन्मदिन पर बधाई दे रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए रविना ने बेहद इमोशनल कैप्शन भी लिखा।
उन्होंने लिखा, 'डियर चिंटू अंकल, आप हमेशा याद किए जाएंगे। न्यूयॉर्क जाने से पहले आपने इस वीडियो को रिकॉर्ड किया था। आप न्यूयॉर्क इलाज कराने जा रहे थे, लेकिन आपने पापा के लिए रिकॉर्ड किया था और जन्मदिन पर सर्प्राइज दिया था। आप हमेशा उस घर और हमारे दिल दिल में रहेंगे चिंटू अंकल। हम लोग आपसे बहुत प्यार करते हैं।'
बॉलीवुड के सबसे पुराने परिवार ‘कपूर खानदान’ की तीसरी पीढ़ी के इस अभिनेता ने सिर्फ रोमांस ही नहीं किया है, उन्होंने बाद के दिनों में बेहद संजीदा और उम्दा भूमिकाएं भी निभाईं। ऋषि कपूर इतने बेहतरीन कलाकार थे कि उनके पास हमेशा फिल्मों का ऑफर रहता ही था।