'रामायण' में लव-कुश का किरदार कर इन बाल कलाकारों ने जीता था फैंस का दिल, सालों बाद अब कर रहे हैं यह काम
By अमित कुमार | Published: April 16, 2020 01:54 PM2020-04-16T13:54:09+5:302020-04-16T13:54:09+5:30
रामानंद सागर की 'रामायण' में लव-कुश का किरदार बेहद अहम रहा है। स्वपनिल जोशी और मयूरेश ने अपनी एक्टिंग से इन किरदारों में जान डालने का काम किया था।
रामानंद सागर की 'रामायण' की चर्चा इन दिनों जोरों पर है। यह शो एक बार फिर दूरदर्शन पर प्रसारित किया जा रहा है। लॉकडाउन की वजह से शो का दिन में दो-दो बार प्रसारण हो रहा है। दर्शक भी 'रामायण' के हर एपिसोड को बड़ ध्यानपूर्वक देख रहे हैं। वह लगातार सोशल मीडिया के जरिए 'रामायण' को लेकर अपने विचार प्रकट करते रहते हैं।
शो में राम और सीता के किरदार को अरुण गोविल और दीपिका चिलखिया ने निभाया था। इन दोनों ही कलाकारों को आज भी फैंस उसी रूप में देखना पसंद करते हैं। वहीं सीरियल में उनके बच्चों का किरदार दो मराठा बाल कलाकारों ने निभाया था। लव-कुश का किरदार निभाने वाले इन बाल कलाकारों को फैंस से खासा प्यार मिला था। छोटी उम्र में ही अपनी एक्टिंग से इन्होंने लोगों के दिलों पर एक अलग छाप छोड़ी।
कई मराठी फिल्मों और सीरियल में काम करने वाले स्वपनिल जोशी ने 'रामायण' में लव का किरदार निभाया था। 'अमानत', 'दिल विल प्यार व्यार', 'हद कर दी', 'भाभी', 'देश में निकला होगा चांद', 'हरे कांच की चूड़ियां' जैसे सीरियल में काम करने के बाद स्वपनिल ने कई फिल्मों में भी अपने अभिनय का परिचय दिया। 'गुलाम-ए-मुस्तफा', 'मितवा', 'वेलकम जिंदगी' और 'तू ही रे' स्वपनिल जोशी की प्रमुख फिल्में रही।
वहीं कुश का किरदार निभाने वाले मयूरेश अब एक्टिंग की दुनिया से दूर हैं। वह न्यू जर्सी में एक प्राइवेट कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ के पद पर काम कर रहे हैं। लव-कुश का किरदार निभाने वाले इन दोनों ही एक्टर को बचपन में 'रामायण' के कारण काफी लोकप्रियता मिली थी। 'रामायण' के दोबारा प्रसारण होने से फैंस बेहद खुश हैं और वह हर एपिसोड का आनंद उठा रहे हैं।