'रजनीकांत को हुआ कोरोना' लिखकर ट्रोल हुआ बॉलीवुड एक्टर, फैंस से मांगनी पड़ी माफी
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: June 6, 2020 10:48 AM2020-06-06T10:48:51+5:302020-06-06T10:48:51+5:30
बता दें कि रोहित रॉय टेलीविजन का एक जाना- माना नाम हैं। उन्होंने देश में निकला होगा चांद और स्वाभिमान जैसे धारावाहिकों में काम किया है।
अभिनेता रोहित रॉय फैंस के बीच एक खास पहचान बना चुके हैं। हाल ही में रोहित ने कुछ ऐसा किया कि उनको माफी मांगने पड़ी है। दरअसल रोहित को सुपरस्टार रजनीकांत पर मजाक करना काफी महंगा पड़ गया है।उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था जिसमें लिखा था कि रजनीकांत को कोरोना हो गया। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स रोहित रॉय पर भड़क गए। मामला इतना बढ़ गया कि रोहित को माफी मांगनी पड़ी।
रोहित रॉय ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया था। इसमें लिखा था कि 'रजनीकांत कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और अब कोरोना को क्वारंटीन कर दिया गया है।' इसके साथ ही रोहित ने कैप्शन में लिखा,'आइए, कोरोना की ऐसी की तैसी कर दें। जब काम पर लौटें तो सुरक्षित रहें। अपने मास्क पहनकर रखिए और दिन में कई बार जितना संभव हो सके उतनी बार हाथ धोते रहें। वायरस हम पर तब तक हमला नहीं कर सकता, जब तक हम करने नहीं देंगे।'
इस जोक को लिखने के बाद रजनीकांत के फैंस रोहित पर बरस पड़े और उनकी क्लास लगा दी। किसी ने लिखा शर्म करो रोहित तो कोई बोला ये मजाक बहुत भद्दा है। वहीं एक फैन ने लिखा कि हमारे यहां रजनीकांत की पूजा की जाती है। और वो रजनीकांत को कोरोना होने की बात सोच भी नहीं सकते।
मामला बढ़ता देख रोहित ने इस पर माफी मांगी। रोहित ने लिखा कि दोस्तों शांत हो जाइए। इतने रूखे मत बनिए। यह सिर्फ एक चुटकुला, एक मजाक है। और माफ करना, मुझे नहीं लगता कि यह बुरी नीयत से किया गया है। यह बिलकुल रजनी सर वाला जोक है और मेरा इरादा आप लोगों को हंसाने का था। कुछ कहने से पहले नीयत को समझिए। कम से कम मैंने आप लोगों को चोट पहुंचाने के लिए मजाक नहीं किया, जैसे कि आप लोग जानबूझकर मुझे चोट पहुंचाने के लिए संदेश लिख रहे हैं।