दो महीने बाद घर से बाहर निकलीं प्रियंका चोपड़ा, तस्वीर शेयर कर कही यह बात
By अमित कुमार | Published: May 12, 2020 12:19 PM2020-05-12T12:19:50+5:302020-05-12T12:19:50+5:30
कोरोना वायरस से बचने के लिए प्रियंका फैंस को सोशल मीडिया के जरिए जागरूक करने की कोशिश करती रहती हैं।
कोरोना वायरस की वजह से देश भर में 3 मई तक लॉकडाउन लागू है। ऐसे में आम आदमी से लेकर बॉलीवुड सेलिब्रेटी तक इन दिनों अपने घर पर ही समय बिता रहे हैं। बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा भी इस दौरान पति निक जोनस के साथ अधिक से अधिक समय बिता रही हैं। प्रियंका कोरोना को लेकर लगातार लोगों को जागरूक करने की कोशिश कर रही हैं।
लॉस एंजिलिस में रह रही प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है। इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट की गई इस तस्वीर में प्रियंका मास्क पहने हुए नजर आ रही हैं। प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, 'आंखें कभी शांत नहीं होती हैं। दो महीने में पहली बार घर से बाहर निकली'। प्रियंका चोपड़ा किसी जरूरी काम से मजबूरी में बाहर निकलीं।
हालांकि, उन्होंने उस काम को लेकर कोई जिक्र नहीं किया। कोरोना वायरस से बचने के लिए प्रियंका फैंस को सोशल मीडिया के जरिए जागरूक करने की कोशिश करती रहती हैं। हाल ही में एक वीडियो चैट के जरिए वह अपने फैंस को इस महामारी से बचने के लिए कुछ उपाय बता रही थी। इंस्टाग्राम के जरिए प्रियंका फैंस को वायरस से जुड़ी कुछ जरूरी बातें बता रही होती हैं।
इसी दौरान प्रियंका के साथ कुछ ऐसा हुआ जिससे उन्हें गुस्सा आ गया। दरअसल, जब वह फैन के साथ चैट कर रही थी, उसी दौरान पीछे से बर्तन गिरने जैसी आवाज आती है और प्रियंका के चेहरे पर इरिटटे होने वाला एक्सप्रेशन दिखाई देता है।