सुशांत से जुड़े लोगों से मुंबई पुलिस ने नहीं की पूछताछ, की जा रही रिया चक्रवर्ती की मदद- बोले दिवंगत अभिनेता के पारिवारिक वकील
By मनाली रस्तोगी | Published: July 30, 2020 02:49 PM2020-07-30T14:49:48+5:302020-07-30T14:49:48+5:30
सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के पारिवारिक वकील विकास सिंह का कहना है कि मुंबई पुलिस ने दिवंगत अभिनेता से जुड़े लोगों से पूछताछ नहीं की। उन्होंने ये भी कहा कि मुंबई पुलिस से कोई रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) की मदद कर रहा है।
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के आत्महत्या मामले की जांच अब मुंबई पुलिस के साथ पटना पुलिस भी कर रही है। ऐसे में मुंबई पटना पुलिस की एक टीम जांच कर मामले की तहकीकात कर रही है तो वहीं सुशांत के पिता के वकील विकास सिंह ने बताया कि उनका परिवार मुंबई पुलिस के काम खुश नहीं है। यही नहीं, सुशांत का परिवार लगातार रिया की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
मुंबई पुलिस पर सुशांत के परिवार को विश्वास नहीं
आजतक से बात करते हए वकील ने कहा कि सुशांत के मामले में मुंबई पुलिस ने अब तक उनसे जुड़े लोगों से बात नहीं की बल्कि वो सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के बड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि 40-45 दिन हो गए, लेकिन फिर भी बड़े लोगों से घंटों पूछताछ की जा रही। पता नहीं मुंबई पुलिस क्या पूछताछ कर रही थी। वकील ने आगे कहा कि बॉलीवुड में नेपोटिज्म होने के बाद भी ये अपराध की किसी धारा में नहीं आता है।
सुशांत के पारिवारिक वकील ने कही ये बड़ी बात
इसके अलावा उन्होंने कहा, 'लेकिन अगर इसके चलते किसी की जान ही चली गई तो मुंबई पुलिस को धारा 306 के तहत अज्ञात शख्स पर मामला दर्ज करना चाहिए था। इस मामले को कहीं ना कहीं दबाने की कोशिश की जा रही है। अब तो पटना पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस तो सिर्फ पूछताछ कर रही थी। बॉलीवुड एंगल सुशांत की सुसाइड का मेन एंगल नहीं हो सकता। मुंबई पुलिस ने इस मामले में ब्लंडर किया है।'
मुंबई पुलिस से कोई कर रहा रिया की मदद
साथ ही, विकास सिंह ने पीटीआई को बताया, 'उन्होंने (रिया) सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी है जबकि उन्हें सीबीआई जांच के लिए भी याचिका दायर करनी चाहिए थी। एफआईआर पटना में दर्ज हुई है और अब वह सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इस जांच पर रोक लगाने और मामले को मुंबई पुलिस को ट्रांसफर करने की अर्जी दी है। इससे ज्यादा क्या सबूत चाहिए कि मुंबई पुलिस से कोई उनकी मदद कर रहा है।'
सुशांत के परिवार ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की
यही नहीं, सुशांत सिंह राजपूत के परिवार ने बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) की अर्जी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर दी है। दरअसल, सुशांत के पिता केके सिंह ने हाल ही में रिया के खिलाफ पटना शहर के राजीव नगर थाना में भारतीय दंड संहिता 306, 341, 342, 380, 406 और 420 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
रिया ने की थी सीबीआई जांच की मांग
ऐसे में अब रिया ने सुप्रीम कोर्ट में मामला पटना से मुंबई ट्रांसफर करने की अर्जी दाखिल की थी, जिसपर सुशांत के पिता ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है। वहीं, इसपर सुशांत के वकील का कहना है कि पहले तो रिया को मुंबई पुलिस पर विश्वास नहीं था और वो सीबीआई जांच की मांग कर रही थीं। मगर अब वो ये मामला मुंबई ही ट्रांसफर करने की बात कह रही हैं क्योंकि रिया को पता है कि मुंबई पुलिस के हाथों वो पकड़ी नहीं जाएंगी।