जिस लड़के को सुशांत सिंह राजपूत ने सिखाया क्रिकेट खेलना, अब रोहित शर्मा की टीम से खेलता है IPL
By अमित कुमार | Published: June 15, 2020 06:17 PM2020-06-15T18:17:25+5:302020-06-15T18:17:25+5:30
फिल्मों के साथ-साथ क्रिकेट से भी सुशांत सिंह राजपूत का गहरा नाता रहा है। 'काई पो चे' और 'एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी' से सुशांत ने बॉलीवुड पर अपनी एक अलग ही छाप छोड़ी थी।
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 34 वर्ष के थे। बड़े पर्दे पर राजपूत की आखिरी फिल्म नितेश तिवारी निर्देशित ‘‘छिछोरे’’ थी। फिल्मों में उनकी जो पहचान मिली वो 'एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी' थी। सुशांत सिंह राजपूत ने करियर की शुरुआत भी क्रिकेट आधारित फिल्म से ही की थी।
चेतन भगत की किताब ‘थ्री मिस्टेक ऑफ माई लाइफ’ पर आधारित फिल्म ‘काई पो चे’ में सुशांत सिंह राजपूत ने एक कोच का रोल प्ले किया था। फिल्म में वह दोस्तों के साथ मिलकर क्रिकेट अकेडमी खोलते हैं और बच्चों को वहां ट्रेन करते हैं। सुशांत खुद तो क्रिकेटर नहीं बन पाते हैं लेकिन वह अली जो अकेडमी में ट्रेनिंग लेने आता है, उसे क्रिकेटर जरूर बनाना चाहते हैं।
फिल्म में अली का किरदार निभाने वाले दिग्विजय देशमुख आज सच में एक क्रिकेटर हैं। इस बार मुंबई इंडियंस की टीम ने उन्हें खरीदा है। वह रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम में खेलते नजर आएंगे। देशमुख ने आईएएनएस से कहा, "मैं अभी भी सदमे में हूं। मुझे लगातार उन्हें याद कर रहा हूं। मैं कुछ भी समझ नहीं पा रहा हूं। हमने पर्दे के बाहर भी काफी समय बिताते थे। कभी नहीं सोचा था कि वह इस तरह का कदम उठाएंगे। उनकी मानसिकता कभी ऐसी नहीं थी।"
आईपीएल-2020 में मुंबई इंडियंस की टीम में चुने गए देशमुख ने कहा कि लोगों को कभी पता नहीं चलेगा कि सुशांत के दिमाग में क्या चल रहा था। देशमुख ने सुशांत की हाल ही की फिल्म का जिक्र किया जिसमें उन्होंने एक ऐसे पिता का किरदार निभाया था जो अपने बेटे की जिंदगी बचाने के लिए लड़ता है।