केआरके पर बने गाने का वायरल हुआ पोस्टर, सिंगर मीका सिंह ने दी थी चेतावनी
By अनिल शर्मा | Published: June 9, 2021 09:42 AM2021-06-09T09:42:19+5:302021-06-09T09:46:38+5:30
इस पोस्टर को इंस्टाग्राम पर सलमान खान वर्ल्ड नाम के अकाउंट से रिलीज किया गया है। पोस्टर में मीका सिंह गाड़ी के ऊपर बैठे हैं और नीचे एक कुत्ता है जिसके चेहरे पर एडिट करके केआरके का चेहरा लगाया हुआ है।
सिंगर मीका सिंह और एक्टर केआरके (कमाल राशिद खान) के बीच का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। दोनों की ट्विटर पर काफी तू-तू-मैं-मैं हुई थी। हाल ही में मीका सिंह ने एक वीडियो भी जारी किया था जिसमें वह दावा करते नजर आए थे कि कमाल खान डर से घर छोड़कर भाग गए हैं। वहीं मीका सिंह ने केआरके पर गाना बनाने की बात भी कही थी। अब इस गाने का पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पोस्टर में केआरके को दिखाया गया कुत्ता
इस पोस्टर को इंस्टाग्राम पर सलमान खान वर्ल्ड नाम के अकाउंट से रिलीज किया गया है। पोस्टर में मीका सिंह गाड़ी के ऊपर बैठे हैं और नीचे एक कुत्ता है जिसके चेहरे पर एडिट करके केआरके का चेहरा लगाया हुआ है। गाने का नाम है केआरके कुत्ता। यह गाना 11 जून को रिलीज होगा। इस गाने को मीका ने गाया है और म्यूजिक भी उन्होंने शारिब तोषी के साथ दिया है। वहीं लिरिक्स प्रिंसी, हीरा और पन्नू ने लिखे हैं। मीका सिंह ने कमाल खान को सुधरने की चेतावनी भी दी थी। मीका सिंह, केआरके के घर के बाहर गए थे और कहा था कि केआरके तू तो मेरा बेटा है। तूने ये घर बेच किया है, लेकिन बाकी घर मत बेच देना। मैं तो बस तुझे सबक सिखाना चाहता था। मेरी तुझसे कोई निजी दुश्मनी नहीं हुई है। मुझसे डर मत।
क्या है केआरके और मीका सिंह के बीच का विवाद
सलमान खान की राधे रिलीज के बाद केआरके ने इसका खराब रिव्यू किया था। जिसके बाद सलमान खान की लीगल टीम ने एक्टर पर मानहानि का केस दर्ज किया था। हालांकि सलमान की लीगल टीम का कहना था कि उन्होंने केआरके पर इसलिए केस दर्ज किया क्योंकि वह एक्टर को लेकर काफी समय से गलत कमेंट कर रहे हैं। केआरके ने सलमान को लेकर कहा कि वह करप्ट हैं और उनके एनजीओ बीइंग ह्यूमन पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया है। तब मीका सिंह ने सलमान खान का सपोर्ट किया था जिसके बाद यह विवाद मीका वर्सेज केआरके हो गया। तब से दोनों के बीच सोशल मीडिया पर तकरार चल रही है।