दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल की आवाज पर फिदा हुए कार्तिक आर्यन, गाना शेयर कर लिखा- आप लोग हर बार दिल....
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: July 7, 2020 11:13 AM2020-07-07T11:13:21+5:302020-07-07T11:14:03+5:30
इन दिनों सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल रतज राठौड़ अपनी सिंगिंग टैलेंट को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने 'तेरी मिट्टी' गाना गाया था, जिसका वीडियो जमकर वायरल हुआ था
दिल्ली पुलिस के कॉन्सटेबल रजत राठौर इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हैं। रजत की आवाज का हर कोई दीवाना हो रहा है। रजत किसी बेहतरीन सिंगर से गायिकी में कम नजर नहीं आ रहे हैं। हाल ही में रजत की आवाज की तारीफ एक्टर अक्षय कुमार ने की थी। अब इस लिस्ट में एक्टर कार्तिक आर्यन भी शामिल हो गए हैं।
अभिनेता कार्तिक आर्यन ने रजत का गाया एक गाना अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है और जमकर उनकी तारीफ की है। वीडियो में रजत, कार्तिक आर्यन की फिल्म 'सोनू के टिटू की स्वीटी' का खूबसूरत गाना 'तेरा यार हूं मैं' गाते नज़र आ रहे हैं। यही कारण है कि कार्तिक ने वीडियो को शेयर करके तारीफ की है।
इस गाने को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कार्तिक आर्यन ने लिखा, "रॉकस्टार पुलिस मैन,आप लोग हर बार दिल जीत लेते हो"। कार्तिक के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक दिन में ही रजत के इस वीडियो को 30 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। हज़ारों लोग कॉन्स्टेबल रजत की आवाज़ की तारीफ कर रहे हैं।
रजत का इससे पहले केसरी फिल्म का गाना तेरी मिट्टी सोशल मीडिया पर काफी छाया था। ये वीडियो वायरल हो गया था। इसके बाद खुद अक्षय कुमार ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था और रजत की जमकर तारीफ की थी।
गौरतलब है कि रजत पुलिसवाले होने के साथ साथ संगीत में भी दिलचस्पी रखते हैं। उनका इंस्टाग्राम अकाउंट उनकी खूबसूरत आवाज में गाए गए गानों से भरा पड़ा है।
कार्तिक आर्यन की बात करें तो फैंस ने उनको आखिरी बार लव आज कल 2 में देखा था। फिल्म सारा अली खान उनके साथ नजर आईं थीं। हालांकि फिल्म को कोई खास सफलता नहीं मिल पाई थी। कार्तिक की अगली फिल्मों में 'भूल भुलैया 2' और 'दोस्ताना 2' है। लॉकडाउन की वजह से दोनों फिल्मों की शूटिंग रुक गई थी