Birthday Special: सोनू निगम चार साल की उम्र में शादियों में गाते थे गाना, मोहम्मद रफी के गानों ने दिलाई पहचान
By मनाली रस्तोगी | Published: July 30, 2020 08:31 AM2020-07-30T08:31:08+5:302020-07-30T08:56:29+5:30
मशहूर सिंगर सोनू निगम आज 47 साल के पूरे हो गए हैं। ऐसे में सिंगर के बारे में जानिए कुछ खास बातें।
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम (Sonu Nigam) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। 30 जुलाई 1973 को हरियाणा के फरीदाबाद में पैदा हुए सोनू आज अपना 47वां जन्मदिन मना रहे हैं। सोनू ने अपनी गायकी के कारण काफी शोहरत हासिल की। मगर कम ही लोगों को मालूम है कि हिंदी गानों के अलावा सिंगर ने अंग्रेजी, बंगाली, ओडिया, गुजरती, तमिल, तेलुगु, मराठी नेपाली, मैथिली और मलयालम गानों को भी अपनी आवाज दी है।
चार साल की उम्र में शुरू किया था गाना
सोनू निगम ने महज चार साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। वो अपने पिता के साथ पहले शादियों में गाते थे। यही नहीं, स्टेज प्रोग्राम के दौरान उन्होंने दिग्गज सिंगर मोहम्मद रफी के गाने गाए,जिसके कारण वो काफी मशहूर हुए और उनकी आवाज को पसंद किया जाने लगा। इसके बाद सिंगिंग में अपना करियर बनाने के लिए वो पिता के साथ मुंबई आ गए, जहां उन्होंने क्लासिकल सिंगर उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान से संगीत का प्रशिक्षण लिया। इस दौरान उन्हें स्टेज शो खर्चा निकालने के लिए करने पड़े।
'संदेसे आते हैं' से हुए मशहूर
सोनू निगम को टी-सीरीज ने पहचान दिलाई। दरअसल, उनकी आवाज में मोहम्मद रफी के गाए गाने 'रफी की यादें' लॉन्च किया गया, जिसे खूब पसंद किया गया। बता दें, सोनू 'मुकाबला', 'शबनम', 'आग', 'हलचल' जैसी फिल्मों में गाना गा चुके हैं। हालांकि, उन्हें 'बॉर्डर' के गाने 'संदेसे आते हैं' से ज्यादा फेम हासिल हुआ क्योंकि ये गाना सुपरहिट था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सोनू निगम को अपनी गायकी के लिए कई अवॉर्ड्स भी मिले हैं।