धमकाने के बजाय अपने अभिनय पर ध्यान दो, अर्जुन कपूर के बयान पर भड़के नरोत्तम मिश्रा, कहा- हिम्मत है तो...
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 19, 2022 08:35 AM2022-08-19T08:35:31+5:302022-08-19T09:42:00+5:30
फिल्मों के बहिष्कार की संस्कृति और सोशल मीडिया के चलन के संदर्भ में, अर्जुन कपूर ने कहा था कि हमने अधिक सहन किया। यह हमारी शालीनता थी। और अब यह एक आदत बन गई है। इससे लड़ने के लिए उद्योग को एक साथ आने की जरूरत है।
भोपालः मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बॉलीवुड के बहिष्कार पर अर्जून कपूर की हालिया टिप्पणी के संदर्भ में कहा कि आप इंतजार करिए, लोग जागरूक हो चुके हैं। नरोत्तम मिश्रा ने पूछा कि क्या बॉलीवुड का टुकड़े-टुकड़े गिरोह अन्य धर्मों के ऊपर फिल्में बना सकता है। क्या उनके भगवान का अपमान करने की हिम्मत उनमें है?
एमपी के मंत्री ने आगे कहा कि वे केवल हमारी तरह सनातनी के लिए ऐसा कर रहे हैं. और अब वे बहिष्कार किए जाने पर धमकी दे रहे हैं। बकौल मिश्रा- प्रतीक्षा करें, अर्जुन जी लोग अब जागरूक हो गए हैं।'
फिल्म अभिनेता #ArjunKapoor का जनता को धमकाना ठीक बात नहीं है। जनता को धमकाने की जगह अपने अभिनय पर ध्यान देना चाहिए।
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) August 17, 2022
अपनी फिल्मों में हिंदू धर्म को टारगेट करने वाले टुकड़े-टुकड़े गैंग के हिमायती कलाकार बॉयकॉट पर क्यों जनता को धमकाते हैं? pic.twitter.com/STpxY94GVc
हाल ही में अर्जुन कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें लगता है कि जब लोगों ने बहिष्कार का आह्वान शुरू किया तो फिल्म इंडस्ट्री ने गलती कर दी और अब यह बहुत ज्यादा हो गया है। आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा के ऑनलाइन बहिष्कार के आह्वान के बीच अर्जुन कपूर ने कहाथा, "हमें एक साथ आने और इसके बारे में कुछ करने की आवश्यकता है क्योंकि लोग हमारे बारे में क्या लिखते हैं या हैशटैग जो चलन में हैं, वास्तविकता से बहुत दूर हैं।"
अर्जुन कपूर की इस टिप्पणी पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "मैं इसे सही नहीं मानता कि एक फ्लॉप और निराश अभिनेता अब लोगों को धमकाएगा। बेहतर होगा कि वह अपने करियर और अभिनय पर ध्यान दें।"
अर्जुन कपूर ने क्या कहा था
फिल्मों के बहिष्कार की संस्कृति और सोशल मीडिया के चलन के संदर्भ में, अर्जुन कपूर ने कहा था कि हमने अधिक सहन किया। यह हमारी शालीनता थी। और अब यह एक आदत बन गई है। इससे लड़ने के लिए उद्योग को एक साथ आने की जरूरत है। अभिनेता ने कहा कि अभिनेताओं की प्रचलित मानसिकता यह है कि उनका काम खुद के लिए बोलेगा और इसलिए बॉलीवुड ने बहिष्कार संस्कृति का विरोध करते हुए कुछ भी नहीं कहा।
गौरतलब है कि आमिर खान की हाल ही में रिलीज लाल सिंह चड्ढा का लोगों ने सोशल मीडिया पर बहिष्कार कर दिया। इसका फिल्म की कमाई पर खासा असर देखा जा सकता है। भारत में असहिष्णुता पर आमिर खान की पिछली टिप्पणियों के कारण कड़े उनको प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। 2015 में उन्होंने कहा था कि उनकी तत्कालीन पत्नी ने भारत के 'धार्मिक असहिष्णुता' के माहौल को देखते हुए किसी अन्य देश में जाने का सुझाव दिया था। फिल्म की रिलीज से पहले आमिर खान ने इसके लिए माफी भी मांगी थी।