कोरोना पॉजिटिव हुईं शबाना आजमी को बोनी कपूर ने दी जावेद अख्तर से दूर रहने की सलाह, एक्ट्रेस ने दिया क्यूट जवाब
By मनाली रस्तोगी | Published: February 1, 2022 05:16 PM2022-02-01T17:16:37+5:302022-02-01T17:25:31+5:30
बॉलीवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसके बाद कई सेलेब्स उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। इसी क्रम में बोनी कपूर ने भी उनके पोस्ट पर कमेंट किया है, जिसका एक्ट्रेस ने क्यूट तरीके से जवाब दिया।
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी ने सोमवार को सोशल मीडिया को जरिये अपने कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की। दिग्गज एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुद की तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, "आज मैं कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गई हूं। घर पर मैंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। ऐसे में मैं मेरे संपर्क में आए लोगों से कोविड-19 की जांच करवाने का अनुरोध करती हूं।"
वहीं, 71 वर्षीय अभिनेत्री के पोस्ट पर फैंस के साथ तमाम सेलेब्स भी उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। जहां जानी-मानी प्रोड्यूसर एकता कपूर ने लिखा, "गेट वेल सून मैम" तो वहीं दिव्या दत्ता लिखती हैं, "गेट वेल सून शबाना जी।" वहीं, शबाना आजमी के इस पोस्ट पर मशहूर फिल्ममेकर बोनी कपूर ने भी कमेंट किया है। उन्होंने कमेंट कर लिखा, "हे भगवान, आप जावेद साहब से प्लीज दूर रहिएगा।" फैंस बोनी कपूर के इस मजाकिया कमेंट को काफी पसंद कर रहे हैं। फिलहाल, शबाना आजमी ने भी पति जावेद अख्तर को लेकर किए गए कमेंट का क्यूट जवाब दिया है।
दिग्गज एक्ट्रेस ने कपूर के कमेंट पर रिप्लाई देते हुए एक एमोजी पोस्ट किया है। उन्होंने 'पार्टी टोपी के साथ पीला चेहरा' वाली इमोजी पोस्ट की है। वहीं, एक्ट्रेस के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो जल्द ही करण जौहर निर्देशित फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, धर्मेंद्र और जया बच्चन भी दिखाई देने वाले हैं। यह एक मल्टी-स्टारर फिल्म है। इसके अलावा पैरामाउंट प्लस की सीरीज ‘हालो' में भी शबाना आजमी नजर आने वाली हैं।