कोरोना के अलावा इन मुद्दों से गरमाया बॉलीवुड; निधन, आरोप-प्रत्यारोप सहित पढ़ें मायानगरी के चर्चित मुद्दे
By स्वाति सिंह | Published: September 21, 2020 07:45 PM2020-09-21T19:45:59+5:302020-09-21T19:45:59+5:30
सुशांत केस में एक्टर के परिवार ने जबसे रिया चक्रवर्ती को मुख्य आरोपी बताया है। तबसे रिया लगातार ट्रोल हो रही हैं।
मुंबई: इस साल कोरोना महामारी के कहर के अलावा जो सबसे ज्यादा चर्चित रहा है वो है बॉलीवुड। दरअसल, कोरोना काल में ऐसे कई मुद्दे सामने आए जिसने बॉलीवुड को दो खेमों में बांट दिया। इनमें सबसे चर्चित मुद्दा है सुशांत सिंह राजपूत के निधन का।
सुशांत की मौत को तीन महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक उनके मौत की वजह का सच सामने नहीं आया है। सुशांत के मामले में मुंबई पुलिस की जांच को लेकर सवाल उठे। वहीं, दूसरी ओर नेपोटिज्म, मूवी माफिया, बॉलीवुड के ड्रग कार्टेल पर विवाद गरमाया।
इसके अलावा ड्रग का मामला भी काफी गरमाया हुआ है। दरअसल, सुशांत केस में एक्टर के परिवार ने जबसे रिया चक्रवर्ती को मुख्य आरोपी बताया है। तबसे रिया लगातार ट्रोल हो रही हैं। रिया के मीडिया ट्रायल के खिलाफ कई सेलेब्स ने अपनी आवाज उठाई। रिया के लिए इंसाफ की गुहार लगाई। रिया का साथ देने वाले सेलेब्स को भी जमकर निशाना बनाया गया। रिया के पक्ष और विपक्ष में आए सेलेब्स मीडिया की सुर्खियों में बने हुए हैं।
वहीं, रवि किशन के ड्रग्स वाले बयान के बाद जया बच्चन का सदन में पलटवार भी बेहद चर्चित रहा। दरअसल, सपा सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन ने रवि किशन पर पलटवार करते हुए कहा- कई दिन से बॉलीवुड को बदनाम किया जा रहा है। कुछ लोग ऐसे हैं जो जिस थाली में खाते हैं उसी में छेद करते हैं। दोषियों पर एक्शन लिया जाना चाहिए लेकिन पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को बदनाम नहीं करना चाहिए। यह गलत बात है। इसके बाद ये मामला सियासी हुआ। जया के बयान की इंडस्ट्री के कई लोगों ने तारीफ की। वहीं कंगना, रणवीर शौरी समेत कई सेलेब्स ने जया की आलोचना की।
अक्सर विवादों में रहने वाली कंगना रनौत ने उद्धव सरकार से जमकर पंगे लिए। इस दौरान कंगना ने बॉलीवुड, मूवी माफिया, शिवसेना, मुंबई पुलिस, सुशांत केस, नेपोटिज्म जैसे तमाम मुद्दों को उठाया। अपने साथ हुई घटनाओं का हवाला देकर कई सेलेब्स को आड़े हाथों लिया।