सुशांत सिंह राजपूत के हेलीकॉप्टर शॉट को देख धोनी खुद रह गए थे हैरान, जमकर की थी तारीफ
By लोकमत समाचार ब्यूरो | Published: June 15, 2020 09:11 AM2020-06-15T09:11:05+5:302020-06-15T09:11:05+5:30
बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली है। सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्म एमएस धोनी में कमाल की एक्टिंग की थी।
करिश्माई विकेटकीपर बल्लेबाज महेन्द्र सिंह धोनी के हेलीकॉप्टर शॉट का मुरीद उनका हर प्रशंसक है लेकिन भारतीय टीम का यह पूर्व कप्तान बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के हेलीकॉप्टर शॉट को देखकर चौंक गया था। सुशांत ने 2016 में धोनी के जीवन पर बनी फिल्म 'एम.एस.धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में उनके किरदार को बड़े पर्दे पर जीवंत किया था।
फिल्म की रिलीज से पहले धोनी ने कहा था कि सुशांत का हेलीकॉप्टर शॉट खेलने का तरीका बिल्कुल उनके जैसा है। पूर्व कप्तान ने तो यहां तक कह दिया था कि सुशांत चाहे तो आराम से रणजी मैच खेल सकते हैं। सुशांत ने फिल्म की रिलीज से पहले कहा था कि धोनी जब से भारतीय टीम में आए हैं वह उनके प्रशंसक हैं। सुशांत ने कहा था, 'पहली बार मैंने धोनी को 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में देखा था।
वह लंबे बाल रखते थे और करियर के शुरुआती दौर में ही वह आत्मविश्वास से भरे हुए थे। एक मैच में उन्होंने 148 रन की पारी खेली थी। इस मैच के बाद से ही मैं एक प्रशंसक के तौर पर धोनी को फॉलो करता हूं।' धोनी के किरदार को पर्दे पर उतरने के लिए सुशांत ने भी कोई कमी नहीं छोड़ी थी। उन्होंने इसके लिए भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे से प्रशिक्षण लिया था।
सिर्फ एक ही सवाल है, आखिर क्यों?
अपने जिंदादिल, युवा बेटे को खोने वाले शहर की जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल है, आखिर क्यों? आखिर ऐसा क्या हुआ कि करियर के अच्छे मुकाम पर पहुंचने के बावजूद 34 वर्षीय सुशांत सिंह राजपूत ने ऐसा कदम उठाया। गौरतलब है कि सुशांत का शव रविवार सुबह मुंबई के बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला।
मौत की सूचना से सदमे में रिश्तेदार और पड़ोसी
सुशांत की मौत की सूचना मिलते ही रिश्तेदार, पड़ोसी और अन्य तमाम लोग यहां राजीव नगर स्थित उस दो मंजिला मकान में जमा होने लगे जहां अभिनेता का बचपन गुजरा था और जहां अभी उनके रिटायर्ड पिता रहते हैं। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे सुशांत की मौत की खबर शहर में उनके जानने वालों के लिए अब भी रहस्य है।