वेदप्रताप वैदिक का ब्लॉग: परिपक्वता दिखाएं डोनाल्ड ट्रम्प

By वेद प्रताप वैदिक | Published: October 23, 2018 03:32 AM2018-10-23T03:32:19+5:302018-10-23T03:32:19+5:30

ट्रम्प को चाहिए था कि खुली बयानबाजी करने की बजाय वे रूस को राजी करते और अंतर्राष्ट्रीय निगरानी बिठाते।  बिल्कुल ऐसी ही जल्दबाजी उन्होंने पहले उत्तर कोरिया के साथ की और आजकल सऊदी अरब के साथ कर रहे हैं।  सऊदी अरब की सरकार ने ट्रम्प को ईंट का जवाब पत्थर से दिया है। 

Ved Pratap Vaidik's blog: Show maturity Donald Trump | वेदप्रताप वैदिक का ब्लॉग: परिपक्वता दिखाएं डोनाल्ड ट्रम्प

वेदप्रताप वैदिक का ब्लॉग: परिपक्वता दिखाएं डोनाल्ड ट्रम्प

सऊदी अरब के प्रसिद्ध पत्रकार जमाल खाशोगी की हत्या पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की किरकिरी पहले से हो ही रही है, अब उन्होंने एक नया शोशा छोड़ दिया है। 

 वे कह रहे हैं कि 1987 में रूस के साथ परमाणु प्रक्षेपास्त्रों संबंधी जो संधि हुई थी, उसे अब वे रद्द करने वाले हैं।  यह संधि लंबी वार्ताओं के बाद राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन और मिखाइल गोर्बाच्योव के बीच हुई थी।  

इस संधि के मुताबिक 300 से 3000 मील तक मार करने वाले परमाणु प्रक्षेपास्त्रों पर प्रतिबंध लगाने की बात मानी गई थी।  

अब ट्रम्प का कहना है कि इस संधि की आड़ में रूस और चीन ने कई प्रक्षेपास्त्र चुपचाप बना लिए हैं और अमेरिका पिछड़ गया है।  अमेरिका इस धोखाधड़ी के खिलाफ डटकर लड़ेगा। 

 ट्रम्प ने कहा कि यदि रूस जमीन से मार करने वाली नोवातोर मिसाइल बनाना बंद नहीं करेगा तो वे इस संधि को कूड़ेदान के हवाले करेंगे और हर तरह के प्रक्षेपास्त्र बनाना शुरू कर देंगे।  

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने भी मास्को पहुंचकर इसी तरह का बयान दिया है लेकिन रूसी सरकार के प्रवक्ता का कहना है कि अमेरिकी सरकार को गलतफहमी हो गई है।  इस तरह की कोई मिसाइल नहीं बनाई गई है।  

ट्रम्प को चाहिए था कि खुली बयानबाजी करने की बजाय वे रूस को राजी करते और अंतर्राष्ट्रीय निगरानी बिठाते।  बिल्कुल ऐसी ही जल्दबाजी उन्होंने पहले उत्तर कोरिया के साथ की और आजकल सऊदी अरब के साथ कर रहे हैं।  सऊदी अरब की सरकार ने ट्रम्प को ईंट का जवाब पत्थर से दिया है। 

 जमाल खाशोगी की हत्या पर ट्रम्प ने सऊदी अरब को सख्त कार्रवाई की धमकी दी तो सऊदी सरकार ने कहा कि वह अमेरिका के खिलाफ सख्त से भी ज्यादा सख्त कार्रवाई करेगा।  अब तो साफ जाहिर हो गया है कि इस्तांबुल के सऊदी दूतावास में खाशोगी को किसने मरवाया है। 

 अब भी यदि ट्रम्प जबानी जमा-खर्च ही करते रहे तो उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हो सकती है।  

Web Title: Ved Pratap Vaidik's blog: Show maturity Donald Trump

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे