मलेशिया मास्टर्स: साइना ने वर्ल्ड नंबर दो नोजोमी ओकुहारा को हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह
By सुमित राय | Published: January 18, 2019 02:40 PM2019-01-18T14:40:35+5:302019-01-18T14:40:35+5:30
साइना नेहवाल ने अपना शानदार खेल जारी रखते हुए मलेशिया मास्टर्स महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अपना शानदार खेल जारी रखते हुए मलेशिया मास्टर्स महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। साइना ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान की नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ आसान जीत दर्ज की।
सातवीं वरीयता प्राप्त साइना ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 42 मिनट तक चले मैच में वर्ल्ड नंबर दो नोजोमी ओकुहारा को सीधे गेम में 21-18, 23-21 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
साइना ने ओकुहारा को पांचवीं बार मात दी। इससे पहले दोनों के बीच 12 मुकाबले हुए थे, जिसमें 4 बार साइना को जीत मिली थी, जबकि ओकुहारा ने 8 बार मुकाबला अपने नाम किया था। साइना ने पिछले साल डेनमार्क ओपन और फ्रेंच ओपन में भी ओकुहारा को हराया था।
अब सेमीफाइनल में साइना नेहवाल का सामना चौथी वरीयता प्राप्त स्पेन की कैरोलिना मारिन से होगा। इससे पहले दुनिया की नौवे नंबर की खिलाड़ी साइना ने हॉन्ग कॉन्ग की पुइ यिन यिप को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।