किदांबी श्रीकांत और अश्विनी पोनप्पा जब बुजुर्गों के भेष में खेलने पहुंचे बैडमिंटन, वीडियो वायरल
By विनीत कुमार | Published: December 29, 2018 04:13 PM2018-12-29T16:13:36+5:302018-12-29T16:13:36+5:30
कुछ साल पहले भी फुटबॉल स्टार क्रिस्टयानो रोनाल्डो का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
बैडमिंटन कोर्ट पर अक्सर अपने खेल से फैंस का दिल जीतने वाले भारत के किदांबी श्रीकांत और महिला खिलाड़ी अश्विनी पोनप्पा का एक वी़डियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों बैडमिंटन स्टार भेष बदलकर बुजुर्गों के रूप में बच्चों के साथ बैडमिंटन खेलते नजर आते हैं।
हालांकि, जैसे ही बच्चों को पता चलता है कि ये दोनों किदांबी श्रीकांत और अश्विनी पोनप्पा है, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। यह वीडियो सिकंदराबाद के एक बैडमिटन एकेडमी का है जहां दोनों स्टार खिलाड़ियों ने बच्चों के साथ ये मजेदार प्रैंक किया।
पोनप्पा और श्रीकांत बुजुर्गों के भेष में पहले पांच मिनट बैडमिंटन खेलने की इजाजत मांगते हैं। उनके खराब बैडमिंटन शॉट को देख हर बच्चा हैरान हो जाता है। मजेदार ये भी है कि श्रीकांत जानबूझकर अपनी कमर में दर्द का बहाना करते हैं और झुक भी नहीं पाते। तभी पूरी कहानी में एक ट्विस्ट आता है और पोनप्पा एक जोरदार शॉट खेलती हैं जिसे देखते हुए सभी बच्चे खुश हो जाते हैं और दोनों को चियर करने लगते हैं। फिर तो श्रीकांत भी अपना असल रूप दिखाते हैं और सभी बच्चे असलियत समझते ही दौड़ कर इनके पास चले जाते हैं। देखिये ये मजेदार वीडियो..
श्रीकांत और पोनप्पा फिलहाल प्रो-बैडमिंटन लीग का हिस्सा हैं। बता दें कुछ साल पहले भी फुटबॉल स्टार क्रिस्टयानो रोनाल्डो का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। तब रोनाल्डो स्पेन में मेड्रिड की सड़कों पर भेष बदलकर फुटबॉल से करतब करते नजर आये थे।