एशिया बैडमिंटन चैंपियशिप: पीवी सिंधु, साइना नेहवाल दूसरे दौर में, किदांबी श्रीकांत पहले ही दौर में हारे
By भाषा | Published: April 24, 2019 04:29 PM2019-04-24T16:29:59+5:302019-04-24T16:29:59+5:30
Asia Badminton Championships: भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और समीर वर्मा पहुंचे दूसरे दौर में, किदांबी श्रीकांत पहले ही दौर में हुए पराजित
वुहान (चीन), 24 अप्रैल: शीर्ष भारतीय शटलर पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और समीर वर्मा ने बुधवार को यहां जीत दर्ज करते हुए एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप के दूसरे दौर में प्रवेश किया। लेकिन स्टार पुरुष खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत इंडोनेशिया के शेसर रुहस्तावितो पुरुष सिंगल्स के पहले दौर में 16-21, 20-22 से हार गए।
ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदकधारी सिंधु ने सीधे गेम में जापान की ताकाहाशी सयाका को सीधे गेम में पराजित किया। सिंधु शुरू से ही दबदबा बनाये थीं और उन्होंने महज 28 मिनट में 21-14 21-7 से जीत हासिल की। चौथी वरीयता प्राप्त यह भारतीय खिलाड़ी अब अगले दौर में इंडोनेशिया की चोईरूनिसा से भिड़ेंगी। दुनिया की नौंवे नंबर की खिलाड़ी साइना को हालांकि चीन की हान युए को पछाड़ने में थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सातवीं वरीय भारतीय ने पहला गेम गंवाने के बाद मजबूती से वापसी करते हुए 12-21 21-11 21-17 से रोमांचक जीत दर्ज की।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक जीतने वाली साइना अब दक्षिण कोरिया की किम गा युन से भिड़ेंगी। पुरुष सिंगल्स में समीर वर्मा ने जापान के सकाई काजुमासा पर कड़े मुकाबले में 21-13 17-21 21-18 से जीत हासिल की। अब दुनिया के 15वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी का सामना हॉन्ग कॉन्ग के निग का लोंग एंगुस से होगा।
पुरुष डबल्स में हालांकि एमआर अर्जुन और रामचंद्रन श्लोक के हारने से सफर खत्म हो गया। महिला डबल्स में मेघना जाकामपुडी और पूर्विशा एस राम की जोड़ी थाईलैंड की जोंगकोलफान किटिटहाराकुल और राविंडा प्रजोंगजाई की जोड़ी से 21-13 21-16 से पराजित हो गयी।