मुंबई मैराथन: सोलोमन डेकिसा ने दो घंटे 9 मिनट में मारी बाजी, महिलाओं में गोबेना अव्वल

By IANS | Published: January 21, 2018 07:24 PM2018-01-21T19:24:29+5:302018-01-21T19:30:53+5:30

22 वर्षीय धावक डेकिसा ने दो घंटे नौ मिनट और 34 सेकेंड में फुल मैराथन को पूरा कर पहला स्थान हासिल किया।

mumabi marathon solomon deksisa and amane gobena wins | मुंबई मैराथन: सोलोमन डेकिसा ने दो घंटे 9 मिनट में मारी बाजी, महिलाओं में गोबेना अव्वल

मुंबई मैराथन

इथियोपिया के लम्बी दूरी के धावक सोलोमन डेकिसा ने रविवार को टाटा मुंबई मैराथन में पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया है। इसके अलावा, डेकिसा की हमवतन अमाने गोबेना ने महिला वर्ग में खिताबी जीत हासिल की है। भारतीय पुरुष वर्ग में गोपी थोनाकल और महिला वर्ग में सुधा सिंह ने जीत हासिल की। 

इथियोपिया के 22 वर्षीय धावक डेकिसा ने दो घंटे नौ मिनट और 34 सेकेंड में फुल मैराथन को पूरा कर पहला स्थान हासिल किया। उनके हमवतन 29 वर्षीय सुमेत अकालनाव (दो घंटे 10 मिनट) को दूसरा और केन्या के जोशुआ किपकोरिर (दो घंटे 10 मिनट और 30 सेकेंड) को तीसरा स्थान हासिल हुआ। 

जीत के बाद डेकिसा ने कहा, 'मैंने जीत की उम्मीद की थी। मुंबई मैराथन में यह मेरी पहली जीत है। इससे मुझे अन्य मैराथन में हिस्सा लेने का प्रोत्साहन मिलेगा।'

महिला वर्ग में अमाने ने दो घंटे 24 मिनट और 49 सेकेंड का समय लेते हुए केन्या की बोर्नेस किटुर (दो घंटे 28 मिनट और 48 सेकेंड) से आगे पहले स्थान पर कब्जा जमाया। अमाने की हमवतन शुको गेनोमो (दो घंटे 29 मिनट और 41 सेकेंड) को तीसरा स्थान हासिल हुआ। 

भारतीय एथलीटों के पुरुष वर्ग में पहला स्थान हासिल करने वाले गोपी ने दो घंटे 16 मिनट और 52 सेकेंड में मैराथन को पूरा किया। इसके बाद नितेंद्र सिंह रावत (दो घंटे 16 मिनट 54 सेकेंड) को दूसरा और श्रिनु बुगाता (दो घंटे 23 मिनट और 56 सेकेंड) को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। 

पैर की मांसपेशियों में दर्द की समस्या के बावजूद भारतीय महिला एथलीट सुधा सिंह ने दो घंटे 48 मिनट और 32 सेकेंड में फुल मैराथन को पूरा कर पहला स्थान हासिल किया। ज्योति गवाते (दो घंटे 50 मिनट और 47 सेकेंड) ने दूसरा और पारुल चौधरी (दो घंटे 53 मिनट और 26) ने तीसरा स्थान हासिल किया।

Web Title: mumabi marathon solomon deksisa and amane gobena wins

एथलेटिक्स से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे